यूएई में रहने वाले लोगों और प्रवासियों के लिए सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। संयुक्त अरब अमीरात में पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों को कम करने के लिए ट्रैफिक नियमों को बेहद कड़ा कर दिया गया है। इसी कड़ी में शारजाह पुलिस ने गलत तरीके से सड़क पार करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अपने स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम को और ज्यादा सक्रिय कर दिया है।
नियम तोड़ने पर लगेगा भारी जुर्माना और होगी जेल
यूएई में लागू नए संघीय ट्रैफिक कानून के तहत गलत तरीके से सड़क पार करने यानी जेवॉकिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। नए नियमों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति गलत तरीके से सड़क पार करता है और किसी दुर्घटना का कारण बनता है, तो उस पर 5,000 दिर्हाम से लेकर 10,000 दिर्हाम तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही उसे जेल की सजा भी हो सकती है।
इसके अतिरिक्त, यदि कोई व्यक्ति ऐसी सड़कों पर गैर-निर्धारित जगहों से सड़क पार करता है जहां वाहनों की गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक है, तो उस पर कम से कम 10,000 दिर्हाम का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही कम से कम तीन महीने की जेल की सजा या दोनों का सामना करना पड़ेगा। पहले इसके लिए सामान्य तौर पर केवल 400 दिर्हाम का जुर्माना लगता था।
ड्राइवरों के लिए भी कड़े नियम लागू
नए कानून में पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए भी सख्त नियम बनाए गए हैं। अगर कोई वाहन चालक पैदल यात्रियों को रास्ता देने में कोताही बरतता है या जेब्रा क्रॉसिंग पर गाड़ी नहीं रोकता है, तो उस पर 500 दिर्हाम का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही उसके ड्राइविंग लाइसेंस में 6 ब्लैक पॉइंट्स भी जोड़े जाएंगे।
हाईटेक कैमरों और रडार से रखी जा रही है नजर
शारजाह पुलिस अपनी प्रमुख सड़कों पर आधुनिक स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम और कैमरों का उपयोग कर रही है ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों की तुरंत पहचान की जा सके। इसी तरह, अबू धाबी पुलिस ने भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से लैस ‘Hather’ नामक स्मार्ट रडार सिस्टम को सक्रिय किया है। यह सिस्टम जेवॉकिंग करने वालों और पैदल यात्रियों को रास्ता न देने वाले ड्राइवरों को तुरंत पकड़ लेता है।
दुबई पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 के शुरुआती पांच महीनों में गलत तरीके से सड़क पार करने और असुरक्षित ई-स्कूटर चलाने के कारण कई बड़े हादसे हुए, जिनमें 13 लोगों की जान चली गई। इस दौरान पुलिस ने करीब 28,000 से अधिक जेवॉकिंग के उल्लंघन दर्ज किए। प्रशासन ने सभी प्रवासियों और स्थानीय लोगों से केवल तय किए गए रास्तों और जेब्रा क्रॉसिंग से ही सड़क पार करने की अपील की है।
