UAE में मौसम ने अचानक करवट ली है और देश के कई हिस्सों में घने कोहरे की चादर देखी जा रही है। National Centre of Meteorology (NCM) ने कोहरे को लेकर रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, देश में सबसे कम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। सुबह के समय काम पर जाने वाले लोगों को विजिबिलिटी कम होने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गाड़ी चलाने वालों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

घने कोहरे के कारण सड़कों पर सामने देख पाना मुश्किल हो रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। अबू धाबी और दुबई के कई प्रमुख रास्तों पर स्पीड लिमिट को घटाकर 80 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। पुलिस ने ड्राइवरों को सलाह दी है कि वे फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

अबू धाबी पुलिस ने लोगों को SMS भेजकर सचेत किया है, जबकि दुबई की RTA ने सड़कों पर लगे स्मार्ट साइनबोर्ड के जरिए सुरक्षा संदेश जारी किए हैं। अगर आप सुबह ऑफिस या काम के लिए निकल रहे हैं, तो सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतें और गूगल मैप्स या रेडियो पर ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लें।

दुबई और अबू धाबी में कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, दुबई में न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम 30°C रहने की उम्मीद है। वहीं, राजधानी अबू धाबी में तापमान 18°C से 32°C के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, देश के कुछ अंदरूनी और पहाड़ी इलाकों में ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है।

रात के समय नमी बढ़ने और तापमान गिरने से कोहरा और गहराने की संभावना है। यह मौसम UAE में सर्दियों के दौरान अक्सर देखा जाता है। फिलहाल हवाई अड्डों पर लो-विजिबिलिटी प्रक्रिया लागू कर दी गई है, लेकिन किसी बड़ी उड़ान के रद्द होने की खबर नहीं है। फिर भी यात्रियों को अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी जाती है।

Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.