संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मौसम ने करवट ली है. राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NCM) ने जानकारी दी है कि देश के कई हिस्सों में 12 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश होगी. पश्चिम की तरफ से आ रहे बादलों के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. सोमवार सुबह से ही अबू धाबी और दुबई के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश शुरू हो गई है जिससे मौसम सुहावना हो गया है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने 9 मार्च से 12 मार्च तक का डेली अपडेट जारी किया है, ताकि आम लोग और प्रवासी अपने काम की योजना बना सकें.

  • 9 और 10 मार्च: पश्चिमी, तटीय और पूर्वी इलाकों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी. पश्चिमी इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जाएगी.
  • 11 मार्च: उत्तरी और पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
  • 12 मार्च: तटीय और द्वीपीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही नमी काफी बढ़ जाएगी.

यात्रियों और आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर

इस बारिश और बदलते मौसम का सीधा असर सड़कों और यातायात पर पड़ सकता है. बारिश की वजह से सड़कें गीली रहेंगी और कुछ इलाकों में विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे ड्राइवरों को गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतनी होगी. मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति आमतौर पर 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है.

इसके अलावा समुद्र की लहरें भी तेज हो सकती हैं, विशेषकर बुधवार और गुरुवार की सुबह. 12 मार्च को तटीय इलाकों में नमी 90 प्रतिशत तक जा सकती है. इससे सुबह ऑफिस जाने वाले प्रवासियों को कोहरे और धुंध का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में अगर आप इन दिनों बाहर जाने का प्लान कर रहे हैं तो मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही निकलें.

Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.