अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के कमांडर अहमद वहाइदी को निशाना बनाने पर विचार कर रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ती सैन्य हलचल और जहाजों पर हमलों ने इस विवाद को और बढ़ा दिया है.
कौन हैं अहमद वहाइदी और क्या है उनका विवाद
अहमद वहाइदी 1 मार्च 2026 को IRGC के कमांडर-इन-चीफ बने थे. वह पहले ईरान के आंतरिक मंत्री और रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं. वहाइदी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी विवाद रहा है और अर्जेंटीना में एक बम धमाके के मामले में इंटरपोल ने उनके खिलाफ रेड नोटिस भी जारी किया था. वह ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के काफी करीब माने जाते हैं और अहम फैसलों में उनकी बड़ी भूमिका रहती है.
समुद्री सीमा पर युद्ध जैसे हालात और ट्रंप का आदेश
तनाव इतना बढ़ गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सेना को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइन बिछाने वाली ईरानी नावों को “मार गिराने” का आदेश दिया है. पिछले 24 घंटों में अमेरिका ने एक ईरानी तेल टैंकर को जब्त किया है, जबकि ईरान के गार्ड्स ने तीन मालवाहक जहाजों पर हमला कर दो को पकड़ लिया है. ईरान के बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी की वजह से दोनों देशों के बीच शांति बातचीत भी पूरी तरह बंद हो गई है.
