अरब सागर में अमेरिकी नौसेना का एक हेलीकॉप्टर इमरजेंसी लैंडिंग के बाद पानी में गिर गया. इस हादसे में एक क्रू मेंबर लापता है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं. फिलहाल अमेरिकी सेना लापता सदस्य की तलाश में जुटी हुई है.
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय समय के अनुसार हुआ. यह MH-60S Sea Hawk हेलीकॉप्टर था, जो USS George H.W. Bush एयरक्राफ्ट कैरियर से जुड़ा हुआ था.
U.S. Naval Forces Central Command (U.S. 5th Fleet) ने बताया कि घायल तीन सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. उनकी हालत स्थिर है और उन्हें USS George H.W. Bush जहाज पर रखा गया है.
नौसेना के अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे के पीछे किसी दुश्मन देश की कार्रवाई या हमले का कोई संकेत नहीं मिला है. फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग क्यों करनी पड़ी.
क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नौसेना की टीमें लापता एयरक्रूमैन को ढूंढने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. जानकारों के मुताबिक, पानी में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग काफी खतरनाक होती है क्योंकि भारी होने के कारण ऐसे विमान अक्सर पानी में पलट जाते हैं.
