अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष में हताहत हुए अमेरिकी सैनिकों की संख्या में बड़ा बदलाव सामने आया है। पेंटागन ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान अब तक 18 अमेरिकी सैनिकों की मौत और 624 सैनिकों के घायल होने की पुष्टि की है। ये आंकड़े 28 फरवरी 2026 से अब तक की लड़ाई के दौरान दर्ज किए गए हैं।
आंकड़ों में बदलाव पर सफाई
डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम के माध्यम से सत्यापित ये ताजा जानकारी 26-27 जुलाई 2026 के सप्ताहांत पर जारी की गई। पेंटागन के एक्टिंग प्रेस सेक्रेटरी Joel Valdez ने पहले की जानकारी में आई विसंगतियों के लिए तकनीकी खामियों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि डेटा में ये बदलाव अस्थायी तकनीकी दिक्कतों के कारण हुए थे। इससे पहले कुछ मौतों के आंकड़ों को सार्वजनिक रिकॉर्ड से हटाकर ‘ओवरसीज ऑपरेशन्स’ कैटेगरी में डालने पर अमेरिकी कांग्रेस ने भी सवाल उठाए थे।
फिलहाल रुकी है बमबारी
इन आंकड़ों के बीच एक राहत की खबर यह है कि पिछले शुक्रवार से संघर्ष में कुछ नरमी देखी गई है। अमेरिका ने ईरान पर अपनी बमबारी को रोक दिया है, जबकि ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई बंद कर दी है। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान समेत अन्य मध्यस्थों की कोशिशों की वजह से फिलहाल दोनों देशों के बीच लड़ाई में ठहराव आया है।
