भारत में मानसून ने इस बार समय से 12 दिन पहले दस्तक दी है और इसके साथ ही प्रचंड बारिश और तूफानी हवाओं का दौर भी शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अब देश के 20 राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। अगले 2 से 4 दिनों तक उत्तर, पूर्वोत्तर, दक्षिण और मध्य भारत के राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
70 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, आंधी-पानी मचाएगा कहर
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। आंधी और बिजली की तेज़ गर्जना के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में पेड़ गिरने, बिजली कटौती और जलजमाव जैसे हालात बन सकते हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में भीषण बारिश का रेड अलर्ट, एक जून से प्रभावी
-
असम, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा: 1 जून से भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अनुमान
-
अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम: कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी
इन राज्यों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर भारत में गड़गड़ाहट के साथ वर्षा, हिमाचल-उत्तराखंड में स्थिति गंभीर
-
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश और वज्रपात की संभावना है।
-
उत्तराखंड में 1 से 4 जून तक अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
-
पंजाब और हरियाणा में 3 जून को विशेष रूप से भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
दक्षिण भारत में भी भारी वर्षा का खतरा, महाराष्ट्र और विदर्भ को लेकर चेतावनी
-
केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले चार दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
-
केरल में विशेष रूप से अतिवृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
-
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में तेज़ हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
मध्य भारत और बिहार भी अलर्ट पर
-
मध्य प्रदेश और बिहार में भी अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
-
बिजली गिरने और सड़क परिवहन में बाधा की संभावना के चलते प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।



