1 जुलाई से ओमान ने प्लास्टिक बैग प्रतिबंध के तीसरे चरण की शुरुआत की, जिसके साथ ही देश की पर्यावरण प्राधिकरण (Environment Authority) ने जन-जागरूकता अभियान को और तेज कर दिया है।
प्राधिकरण ने एकल-उपयोग प्लास्टिक (Single-use plastic) के गंभीर और दीर्घकालिक पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर चेतावनी जारी की है। इस पहल का उद्देश्य जनता को शिक्षित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। प्रतिबंध के नवीनतम चरण का विस्तार अब खाद्य भंडारों, फल और सब्ज़ी की दुकानों, बेकरी, मिठाई की दुकानों और गिफ्ट्स की दुकानों तक कर दिया गया है।
आपको बता दें कि 1 जुलाई 2024 से फार्मेसी, अस्पतालों और क्लीनिकों में प्लास्टिक बैग के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बाद जनवरी 2025 में इस प्रतिबंध को और व्यापक करते हुए कपड़े, सिलाई की दुकानें, चश्मे की दुकानें, मोबाइल फोन और घड़ियों की दुकानें, तथा फर्नीचर आउटलेट्स को भी इसके दायरे में शामिल किया गया।
पर्यावरण प्राधिकरण ने प्लास्टिक कचरे के पारिस्थितिकीय प्रभाव पर विशेष जोर देते हुए बताया कि यह मछलियों, कछुओं, और व्हेल जैसे समुद्री जीवों के लिए अत्यंत घातक है। ये जीव अक्सर प्लास्टिक बैग को भोजन समझ बैठते हैं, जिससे या तो वे उसे निगल लेते हैं — जो घातक होता है, या उसमें उलझ कर दम घुटने जैसी स्थितियों का शिकार हो जाते हैं।
पर्यावरण प्राधिकरण ने एक बार फिर चेतावनी दी और उपभोक्ताओं से पुन: उपयोग योग्य विकल्प अपनाने की अपील करते हुए कहा कि सिर्फ एक प्लास्टिक बैग भी समुद्री जीवन को गंभीर और स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।




