एक लंबे वक्त से महिलायें अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती आ रही हैं। लेकिन अब पुरुषों के लिए भी गर्भनिरोधक गोलियों का निर्माण किया गया है, जिसका सेवन करने से उनके शुक्राणु बनने की प्रक्रिया रुक जाएगी। इतिहास में पहली बार पुरुषों के लिए गर्भनिरोधक गोलियां बनाई गई हैं।
कुछ हफ्तों के बाद वापस आ जाती है फर्टिलिटी
YCT-529 नाम की ये गर्भनिरोधक गोली पुरुषों को बिना हार्मोन वाले सुरक्षित और रिवर्सिबल गर्भनिरोध का ऑप्शन देती है। इस गोली का सेवन करने के बाद शुक्राणु बनने की प्रक्रिया रुक जाती है। लेकिन कुछ हफ्तों के बाद ही आपकी फर्टिलिटी वापस आ जाती है। बड़ी और सबसे खास बात यह है कि इस गोली का सेवन करने से किसी भी प्रकार का हार्मोनल साइड इफेक्ट नहीं होता है।
भारत जैसे देश के लिए गेमचेंजर साबित होगी
विश्व में भारत जैसे विशाल देश में बड़ी आबादी एक सबसे बड़ा मुद्दा है। ऐसे में YCT-529 एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है। यह पुरुषों को परिवार नियोजन की जिम्मेदारी उठाने का विकल्प देगा। ऐसी स्थिति में महिलाओं पर गर्भनिरोध का बोझ कम होगा और कपल्स को प्रजनन पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। यदि ये गोली सस्ती और उपलब्ध हुई, तो यह स्वास्थ्य और सामाजिक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम बन सकती है।
2030 तक आम लोगों के लिए होगी उपलब्ध
YCT-529 पर अभी 28 और 90 दिनों के ट्रायल किए जा रहे हैं। इन ट्रायल्स के दौरान शुक्राणु की संख्या में गिरावट और फर्टिलिटी पर असर को देखा जाएगा। आने वाले दिनों में कपल्स पर भी टेस्ट होंगे। लेकिन इस तकनीक को पूरी तरह से बाजार में आने में अभी कुछ साल लगेंगे। उम्मीद है कि 2030 तक यह गोली आम लोगों के लिए उपलब्ध हो सकती है।




