NASA के Artemis II मिशन के तहत आप बिना किसी खर्च के अपना नाम चांद तक भेज सकते हैं। इस प्रोग्राम के लिए अब तक 15 लाख से ज्यादा लोग रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। सभी रजिस्टर्ड नामों को एक SD कार्ड में सेव किया जाएगा, जिसे Orion स्पेसक्राफ्ट अपने साथ चांद के चारों ओर की यात्रा पर ले जाएगा। यह मिशन 10 दिन का होगा और इसमें चार अंतरिक्ष यात्री भी शामिल होंगे।
Artemis II मिशन क्या है?
Artemis II NASA का एक महत्वपूर्ण मिशन है। इस मिशन का मकसद चांद के चारों ओर इंसानों को ले जाकर वहां के माहौल का टेस्ट करना है। यह 1972 के बाद पहली बार होगा जब इंसान चांद के इतने करीब जाएंगे। यह उड़ान भविष्य में चांद पर इंसानों को फिर से भेजने और मंगल ग्रह के मिशनों की नींव रखेगी।
अपना नाम चांद पर कैसे भेजें?
चांद पर अपना नाम भेजने के लिए आपको NASA की “Send Your Name with Artemis” वेबसाइट पर जाना होगा। वहां आपको अपना पूरा नाम और 4 से 7 अंकों का एक PIN दर्ज करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आपको एक डिजिटल बोर्डिंग पास मिलेगा, जिसे आप डाउनलोड करके अपने पास रख सकते हैं।
नाम कैसे भेजा जाएगा और कितने नाम रजिस्टर्ड हुए?
आपके द्वारा रजिस्टर्ड सभी नामों को एक SD कार्ड में सेव किया जाएगा। यह SD कार्ड Orion स्पेसक्राफ्ट के अंदर रखा जाएगा। Orion स्पेसक्राफ्ट इन नामों को चांद के चारों ओर परिक्रमा पर ले जाएगा और वापस पृथ्वी पर ले आएगा। इस मिशन के लिए अब तक 15 लाख से अधिक नाम रजिस्टर्ड हो चुके हैं।
Artemis II मिशन के अंतरिक्ष यात्री और लॉन्च डेट
Artemis II मिशन 10 दिन की परीक्षण उड़ान होगी। इसमें चार अंतरिक्ष यात्री चांद के चारों ओर परिक्रमा करेंगे। इस क्रू में NASA के Reid Wiseman, Victor Glover और Christina Koch, साथ ही कनाडा के Jeremy Hansen शामिल हैं। इस मिशन का पहला संभावित लॉन्च विंडो 6 फरवरी 2026 है। फरवरी, मार्च और अप्रैल में लॉन्च के दूसरे विकल्प भी मौजूद हैं। आधिकारिक लॉन्च विंडो 31 जनवरी से 14 फरवरी 2026 तक खुली रहेगी।
Last Updated: 21 January 2026




