Jaipur Airport पर रनवे छूकर फिर आसमान में उड़ा विमान, 10 मिनट हवा में चक्कर काटने के बाद हुई लैंडिंग
मुंबई से जयपुर आ रही Air India की फ्लाइट में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब विमान लैंडिंग के वक्त रनवे को छूने के ठीक बाद वापस हवा में उड़ गया। दोपहर करीब 1:10 बजे पायलट ने विमान को नीचे उतारा था, लेकिन पहिए जमीन पर लगते ही उसने दोबारा उड़ान भर ली। इसके बाद विमान करीब 10 से 11 मिनट तक जयपुर के आसमान में ही गोल-गोल घूमता रहा और यात्रियों की सांसे अटकी रहीं।
पायलट ने क्यों लिया अचानक ऐसा फैसला?
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यह फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया था। विमानन की भाषा में इसे ‘गो-अराउंड’ (Go-around) प्रक्रिया कहा जाता है। जब पायलट को लगता है कि विमान का संतुलन या हवा का रुख लैंडिंग के लिए पूरी तरह सही नहीं है, तो वे रिस्क लेने के बजाय विमान को दोबारा ऊपर ले जाते हैं। जयपुर एयरपोर्ट के ATC अधिकारी के मुताबिक, यह एक सामान्य प्रक्रिया है जो दुनिया भर में सुरक्षा के लिए अपनाई जाती है।
एक महीने में दूसरी बार हुई ऐसी घटना
गौर करने वाली बात यह है कि जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 28 जनवरी को भी दिल्ली से आने वाली एक फ्लाइट को इसी तरह लैंडिंग रद्द करनी पड़ी थी। गुरुवार को हुई इस घटना में विमान ने दूसरी कोशिश में दोपहर 1:21 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और विमान भी पूरी तरह सुरक्षित है।




