Karnataka Plane Crash: ईंधन खत्म होने से खेत में गिरा ट्रेनिंग विमान, बाल-बाल बचे दोनों पायलट
कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। यहां Redbird Aviation का एक टू-सीटर ट्रेनिंग विमान ईंधन खत्म होने के कारण खुले खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान कलबुर्गी से बेलगावी की ओर जा रहा था। गनीमत रही कि इसमें सवार दोनों पायलटों की जान बच गई, हालांकि विमान को भारी नुकसान पहुंचा है।
कैसे हुआ यह हादसा और क्या थी वजह?
जांच में सामने आया है कि यह दुर्घटना तकनीकी खराबी से नहीं, बल्कि ईंधन की कमी के कारण हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट और ट्रेनी उड़ान भरने से पहले पर्याप्त ईंधन भरना भूल गए थे। हवा में ईंधन खत्म होने के कारण विमान को बेलगावी एयरपोर्ट से लगभग 50-70 किलोमीटर दूर मंगलगुरु गांव के पास एक खेत में उतारना पड़ा।
जमीन पर गिरते ही Cessna 172 विमान के तीन टुकड़े हो गए। यह विमान करीब 50 साल पुराना बताया जा रहा है, जिसे 1975 में बनाया गया था। इसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-EUC है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
पायलटों की स्थिति और जांच के आदेश
विमान में असिस्टेंट फ्लाइट इंस्ट्रक्टर Captain Kunal Malhotra और ट्रेनी पायलट Goutham Sankar P R सवार थे। दुर्घटना में दोनों को चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल चेकअप के बाद डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि दोनों खतरे से बाहर हैं और सुरक्षित हैं।
DGCA (Directorate General of Civil Aviation) और AAIB ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। Redbird Flight Training Academy से जुड़ा यह हाल के समय में जांच के दायरे में आने वाला तीसरा मामला है। इससे पहले भी अक्टूबर 2023 में सुरक्षा कारणों से अकादमी का संचालन रोका गया था।




