सऊदी अरब में छोटे व्यापारियों की चमकी किस्मत, सरकार ने Fursa प्लेटफॉर्म के जरिए दिए 2.6 बिलियन रियाल के काम
सऊदी अरब में मानव संसाधन विकास कोष (HADAF) ने छोटे और मध्यम व्यापारियों (SMEs) के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। साल 2025 में ‘Fursa’ प्लेटफॉर्म के जरिए 2.6 बिलियन रियाल से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। यह आंकड़ा 2024 के मुकाबले 122 प्रतिशत ज्यादा है, जो बताता है कि सऊदी बाजार में छोटे कारोबारियों के लिए अवसरों की बाढ़ आ गई है। इस प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य सरकारी खरीद और टेंडर प्रक्रिया को आसान बनाना है।
Fursa प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड तोड़ काम
HADAF की रिपोर्ट के मुताबिक, जब से यह प्लेटफॉर्म शुरू हुआ है, तब से अब तक कुल 5 बिलियन रियाल से ज्यादा के अवसर व्यापारियों को दिए जा चुके हैं। साल 2025 इस प्लेटफॉर्म के लिए ऐतिहासिक रहा है। विशेष रूप से नवंबर 2025 में सबसे ज्यादा काम मिला, जब एक ही महीने में 800 मिलियन रियाल से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स अप्रूव किए गए। यह दिखाता है कि डिजिटल माध्यम से टेंडर भरने और काम लेने में लोगों का भरोसा बढ़ा है।
छोटे व्यापारियों को कैसे मिल रहा फायदा?
यह प्लेटफॉर्म सरकारी टेंडर और खरीद सेक्टर (Procurement Sector) के लिए एक राष्ट्रीय गेटवे की तरह काम करता है। यहाँ छोटे व्यापारी सीधे बड़े सरकारी प्रोजेक्ट्स देख सकते हैं और उनके लिए बोली लगा सकते हैं। अभी इस प्लेटफॉर्म पर 38,000 से ज्यादा सप्लायर रजिस्टर्ड हैं। HADAF ने खरीददारों और सप्लायर्स दोनों के लिए प्रक्रिया को बहुत आसान बना दिया है, जिससे वे बिना किसी दफ्तर के चक्कर लगाए ऑनलाइन ही अपनी बोलियों को मैनेज कर सकते हैं।
सऊदी विजन 2030 और रोजगार
सऊदी अरब सरकार का लक्ष्य विजन 2030 के तहत छोटे उद्योगों की जीडीपी में हिस्सेदारी बढ़ाना है। जब छोटे व्यापारियों को बड़े कान्ट्रैक्ट मिलते हैं, तो वे ज्यादा लोगों को नौकरी दे पाते हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2025 में HADAF के कार्यक्रमों ने 5 लाख 62 हजार से ज्यादा सऊदी नागरिकों को रोजगार दिलाने में मदद की है। सरकार का यह कदम स्थानीय व्यापार को मजबूत करने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है।




