Sharjah Expo Centre: रमज़ान नाइट्स 2026 की शुरुआत 10 मार्च से, 700 से ज्यादा ब्रांड्स पर मिलेगी भारी छूट
संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में 10 मार्च 2026 दिन मंगलवार से ‘रमज़ान नाइट्स 2026’ प्रदर्शनी की शुरुआत होने जा रही है. यह प्रदर्शनी एक्सपो सेंटर शारजाह में आयोजित की जाएगी जो 22 मार्च तक चलेगी. एक्सपो सेंटर शारजाह और शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) द्वारा आयोजित इस 13 दिवसीय कार्यक्रम में 18,000 वर्ग मीटर से अधिक जगह में 210 से अधिक एग्जीबिटर हिस्सा ले रहे हैं. यहाँ आने वाले लोग कई तरह के उत्पादों पर 75 प्रतिशत तक की भारी छूट का लाभ उठा सकेंगे.
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएँ और डिस्काउंट
इस बार ‘रमज़ान नाइट्स’ में लगभग 700 लोकल और इंटरनेशनल ब्रांड्स मौजूद रहेंगे. इस दौरान खरीदारों को अपनी पसंद के उत्पादों पर 75 प्रतिशत से अधिक का डिस्काउंट दिया जाएगा. यह प्रदर्शनी सिर्फ एक शॉपिंग सेंटर तक सीमित नहीं है बल्कि यहाँ कई सांस्कृतिक और हेरिटेज गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा. इस दौरान आने वाले लोगों के लिए इंटरैक्टिव प्रतियोगिताओं और मनोरंजन के भी पूरे इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग रमज़ान के माहौल का आनंद ले सकें.
कितने लोगों के आने की है उम्मीद
आंकड़ों के अनुसार ‘रमज़ान नाइट्स’ में हर साल 1 लाख 50 हजार से अधिक लोग आते हैं. इस बार भी शारजाह और अन्य अमीरात से भारी संख्या में निवासियों और पर्यटकों के आने की उम्मीद है. शारजाह रमज़ान फेस्टिवल के हिस्से के रूप में आयोजित यह कार्यक्रम रिटेल सेक्टर को बढ़ावा देने और पवित्र महीने के दौरान लोगों को एक साथ जोड़ने का काम करता है. WAM न्यूज़ एजेंसी ने 9 मार्च को इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए 18,000 वर्ग मीटर के क्षेत्र में सारी तैयारी पूरी हो चुकी है.





