West Asia Conflict: विदेश मंत्रालय का बड़ा बयान, संघर्ष में 5 भारतीयों की मौत और एक लापता
वेस्ट एशिया में चल रहे भारी संघर्ष के बीच विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारतीय नागरिकों को लेकर एक अहम जानकारी दी है. गल्फ मामलों के एडिशनल सेक्रेटरी असीम महाजन ने शनिवार को बताया कि इस संघर्ष में अब तक 5 भारतीयों की जान जा चुकी है, जबकि एक नागरिक लापता है. गल्फ देशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा को लेकर दूतावास लगातार काम कर रहे हैं और सभी मिशन चौबीसों घंटे सहायता के लिए खुले हैं.
कहां और कैसे हुई ये घटनाएं
- ओमान हमला: 13 मार्च 2026 को ओमान के सोहर स्थित अल अवाही इंडस्ट्रियल एरिया में एक ड्रोन हमला हुआ. यह जमीन पर हुआ पहला हमला था जिसमें 2 भारतीयों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए. घायलों में से 5 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि 5 का इलाज चल रहा है.
- इराक घटना: 11 मार्च 2026 को इराक के बसरा में एक ऑयल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की जान चली गई. जहाज पर मौजूद बाकी 15 भारतीय सदस्यों को सुरक्षित निकाल कर होटल में शिफ्ट कर दिया गया.
- अन्य घटनाएं: ओमान हमले से पहले समुद्री मार्गों पर हुए विभिन्न हमलों में भी भारतीय नाविकों की जान गई है. पूरे क्षेत्र में अब तक तीन दर्जन से ज्यादा भारतीय घायल हुए हैं और एक नागरिक पहले की एक समुद्री घटना के बाद से लापता है.
भारतीय दूतावास और सरकार के कदम
गल्फ देशों में करीब 1 करोड़ भारतीय रहते हैं, जिनकी सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. ओमान, इराक और UAE में मौजूद भारतीय दूतावास 24 घंटे काम कर रहे हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मृतकों के शवों को भारत लाने के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है.
28 फरवरी 2026 से संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक करीब 1.30 लाख से 1.50 लाख भारतीय सुरक्षित अपने देश लौट चुके हैं. बहरीन और कुवैत जैसे देशों में जहां डायरेक्ट फ्लाइट्स कम हैं, वहां से भी लोगों की वापसी के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. इसके साथ ही समंदर में फंसी 20 से ज्यादा भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकालने का काम भी चल रहा है.




