कुवैत में तेल मंत्रालय और KPC मुख्यालय पर हुआ ड्रोन हमला, ईरान की हरकतों से गल्फ देशों में मची अफरातफरी.
कुवैत में रविवार सुबह तड़के तेल क्षेत्र के मुख्य ठिकानों को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (KPC) और तेल मंत्रालय की बिल्डिंग में हमले के बाद भीषण आग लग गई। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी बिल्डिंग को तुरंत खाली करा लिया गया और प्रशासन ने पुष्टि की है कि किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर हालात को काबू करने में जुटी हैं।
हमले के बाद क्या है कुवैत के हालात और सरकारी आदेश
यह हमला शुवैख स्थित तेल क्षेत्र परिसर में हुआ जहां कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन का मुख्य दफ्तर है। कुवैत के वित्त मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन हमले की वजह से सरकारी परिसर को काफी नुकसान पहुंचा है जिसके बाद वहां का कामकाज फिलहाल बंद कर दिया गया है। लोगों की सुविधा के लिए सभी सरकारी सेवाएं अब ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही हैं। तेल क्षेत्र के अधिकारियों के अनुसार संपत्तियों का काफी नुकसान हुआ है जिसका आकलन किया जा रहा है।
गल्फ देशों में तेल और बिजली सप्लाई पर मंडराता खतरा
कुवैत में पिछले कुछ दिनों से लगातार महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले बिजली घरों और पानी को साफ करने वाले प्लांट पर भी हमले हुए थे। कुवैती सेना ने जानकारी दी है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई दुश्मन ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट किया है। इस तरह की घटनाएं बहरीन और यूएई में भी रिपोर्ट की गई हैं जिससे पूरे गल्फ क्षेत्र में तेल और गैस सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुवैत में रहने वाले प्रवासी भारतीयों और अन्य लोगों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।




