भारतीय प्रवासी ने कुवैत से ही पत्नी को फोन पर दिया तलाक, न्याय के लिए पीड़िता पहुंची थाने
पति ने अपनी पत्नी को व्हाट्सएप पर ही तलाक दे दिया
कुवैत में रहने वाले पति ने अपनी पत्नी को व्हाट्सएप पर ही तलाक दे दिया है। यूपी के आजमगढ़ जिले में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर फोन पर ही तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2019 में बरदह थाना क्षेत्र के मोहम्मद सलमान के साथ हुई थी।

पति ने की थी दूसरी शादी
महिला ने बताया कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी की है। महिला ने जब इसकी शिकायत की तब वह उसे छोड़ने की धमकी देने लगा। पति कुवैत में रहता है और महिला के साथ वह अच्छा बर्ताव नहीं करता था। महिला का एक डेढ़ साल का बेटा भी है।
पति ने व्हाट्सएप पर दिया तलाक
महिला ने इस बात की शिकायत की है कि उसके पति ने व्हाट्सएप पर ही ऑडियो भेज कर तलाक दे दिया है। तीन तलाक के बाद महिला के होश उड़ गया और उसने तुरंत यह जानकारी अपने ससुराल वालों को दी। इसके बाद ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के घरवालों ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर इंसाफ की मांग की है।





