निर्मला सीतारमण का बड़ा ऐलान, 15000 स्कूलों में खुलेंगे कंटेंट क्रिएटर लैब्स, TCS घटकर हुआ 2%
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में युवाओं और छात्रों के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने देश के 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स खोलने का फैसला किया है। इसका मुख्य उद्देश्य एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और गेमिंग के क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाना है। इसे भारत की ऑरेंज इकोनॉमी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कंटेंट क्रिएटर लैब्स का क्या है पूरा प्लान?
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस क्षेत्र में 20 लाख नए पेशेवरों को तैयार करना है। इन लैब्स को मुंबई के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (IICT) के सहयोग से स्थापित किया जाएगा। यहाँ छात्रों को ग्रासरूट स्तर पर डिजिटल और क्रिएटिव स्किल्स सिखाई जाएंगी। यह कदम भविष्य में रोजगार की जरूरतों को पूरा करने और युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए उठाया गया है।
विदेश यात्रा और टैक्स पर नए नियम
बजट में आम लोगों को विदेश यात्रा और पढ़ाई के खर्च पर राहत दी गई है। शिक्षा और चिकित्सा के लिए विदेश पैसे भेजने पर टीसीएस (TCS) की दर को 5% से घटाकर 2% कर दिया गया है। इसके अलावा विदेश घूमने जाने वाले टूर पैकेज पर भी अब केवल 2% टीसीएस लगेगा। हालांकि फ्यूचर्स और ऑप्शंस ट्रेडिंग (F&O) पर एसटीटी (STT) को थोड़ा बढ़ा दिया गया है। नया इनकम टैक्स एक्ट 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा, लेकिन स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बजट की अन्य प्रमुख घोषणाएं
- देश के हर जिले में लड़कियों के लिए एक हॉस्टल बनाया जाएगा।
- औद्योगिक क्षेत्रों के पास 5 नई यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएंगी।
- बायोफार्मा हब बनाने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
- वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राजकोषीय घाटा 4.3% रखने का लक्ष्य है।





