Dubai में ग्लोबल विलेज का बड़ा ऐलान, क्षेत्रीय तनाव के कारण ईद पर नहीं होगा फायरवर्क्स और ड्रोन शो
दुबई के मशहूर ग्लोबल विलेज ने आगामी ईद अल फितर के लिए अपने पारंपरिक फायरवर्क्स और ड्रोन शो को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए ग्लोबल विलेज 28 फरवरी 2026 से ही बंद है और इसे अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। जिन परिवारों ने ईद की छुट्टियों में यहां जाने का प्लान बनाया था, उन्हें अब अपने कार्यक्रम में बदलाव करना होगा।
टिकट रिफंड और पार्क खुलने का क्या है अपडेट?
ग्लोबल विलेज प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विजिटर्स और स्टाफ की भलाई के लिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। आम दिनों में ग्लोबल विलेज के एनी डे टिकट की कीमत 30 AED और वैल्यू टिकट की कीमत 25 AED होती है। चूंकि पार्क अभी बंद है, इसलिए टिकट बिक्री भी निलंबित कर दी गई है।
जिन लोगों ने पहले से टिकट की बुकिंग कर रखी है, उन्हें रिफंड की जानकारी के लिए ग्लोबल विलेज की आधिकारिक वेबसाइट चेक करने को कहा गया है। फोर्स मेजर (Force Majeure) नियम के तहत बंद होने पर रिफंड के निर्देश ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने विजिटर्स से अपील की है कि वे पार्क के दोबारा खुलने की तारीख के लिए सोशल मीडिया चैनल्स पर नजर बनाए रखें।
किन अन्य जगहों पर रद्द हुए कार्यक्रम?
क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए यूएई के अन्य प्रमुख आउटडोर अट्रैक्शन पर भी असर पड़ा है। दुबई पार्क्स एंड रिसॉर्ट्स और आइन दुबई (Ain Dubai) को भी सुरक्षा के कारण अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात की समीक्षा कर रहा है।
दुबई के अलावा रास अल खैमाह में भी अल हमरा और अल मरजान आइलैंड पर होने वाले ईद फायरवर्क्स को रद्द कर दिया गया है। सरकार की तरफ से लोगों की सुरक्षा के लिए यह सख्त कदम उठाए गए हैं। हालांकि, इनडोर मॉल और शहर में चल रहे कुछ अन्य रमजान इवेंट अभी भी सक्रिय हैं, जहां लोग अपनी छुट्टियां बिता सकते हैं।




