ट्रेन हादसा टला, लाल झंडा लगाकर सो गया गेटमैन, लोको पायलट की सूझबूझ ने बचाई यात्रियों की जान
गेटमैन ने की बड़ी गलती
तकनीकी खराबी के कारण यातायात हादसे तो होते ही हैं, लेकिन कर्मचारियों के लापरवाही के कारण भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी तरह की एक घटना यूपी के महोबा जिले में देखने को मिली है। गेटमैन ने ऐसी गलती की थी जिसके कारण कई लोगों को हादसे का शिकार होना पड़ता।

प्रयागराज से झांसी जा रही थी ट्रेन
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर दो बजे प्रयागराज से झांसी जा रही ट्रेन कुलपहाड़ स्टेशन के पास पहुंची जहां बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि गेटमैन पटरियों के बीच में लाल झंडा लगाकर सो गया था। उस वक्त वह ड्यूटी पर था। ट्रेन के गुजरने का समय हो जाने के बाद भी गेटमैन आराम फरमा रहा था। इस कारण बड़ा हादसा हो सकता था।
लोको पायलट ने इमरजेंसी बटन दबाकर बचाई सबकी जान
बताते चलें कि संयोग अच्छा रहा और लोको पायलट ने देख लिया कि गेट बंद नहीं है जिसके बाद उसने इमरजेंसी ब्रेक मारा। अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। पूरा मामला कैमरे में कैद हो चुका है और आरोपी गेटमैन को निलंबित भी कर दिया गया है।



