शारजाह में एक भारतीय महिला ने अपनी डेढ़ साल की बच्ची की हत्या करके खुद भी आत्महत्या कर ली। इस मामले के कुछ दिनों के बाद ही केरल के कोल्लम जिले के कुंदरा पुलिस स्टेशन में पीड़िता के पति निधीश वलियवीटिल और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उस पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था।
जानिए क्या है पूरा मामला
उत्तर भारत की रहने वाली महिला कुछ सालों पहले ही पति के साथ शारजाह में शिफ्ट हुई थी। 8 जुलाई को महिला और उसकी डेढ़ साल की बेटी शारजाह स्थित उनके अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। अब मृतका के परिजनों का आरोप है कि मृतका का पति निधीश वलियवीटिल दहेज को लेकर बार-बार उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। मृतका की मां शैलजा ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को विवाह के बाद से दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। उनका कहना है कि बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और हिंसा और भी बढ़ गई, जिससे महिला मानसिक रूप से टूट गई और यह कठोर कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाही
भारतीय पुलिस ने IPC की धारा 304B (दहेज मृत्यु) और 498A (पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) के तहत मामला दर्ज किया है। विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से संपर्क कर शव को भारत लाने और मामले की जांच में सहयोग का अनुरोध किया गया है।
भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय यूएई में स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। शवों को भारत लाने और न्यायिक जांच में सहयोग के लिए प्रक्रिया जारी है।




