ईरान की UAE को चेतावनी, अमेरिकी बेस के पास से खाली करें जगह, दुबई की कई फ्लाइट्स सस्पेंड
ईरान की सेना (IRGC) ने UAE में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और पोर्ट को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। यह घोषणा अमेरिका द्वारा ईरान के खार्ग द्वीप पर किए गए हमले के बाद की गई है। इसके साथ ही, आम नागरिकों से अमेरिकी बेस और कमर्शियल पोर्ट के आसपास के इलाकों को तुरंत खाली करने की अपील की गई है ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे।
किन जगहों पर है खतरा और क्या है आदेश?
IRGC और खतम अल-अंबिया कमांड ने स्पष्ट किया है कि UAE में अमेरिका के सभी सैन्य ठिकाने, पोर्ट और डॉक उनके निशाने पर हैं। नागरिकों की सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी किया गया है कि वे इन जगहों से दूर रहें। हालात को देखते हुए दुबई और अबू धाबी में इमरजेंसी टीमों को वाटरफ्रंट और शेख जायद रोड के आसपास तैनात कर दिया गया है। ईरान ने यह भी कहा है कि अगर उसके तेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला हुआ, तो वह अमेरिका का साथ देने वाली क्षेत्रीय कंपनियों के एनर्जी फैसिलिटी को भी नष्ट कर देगा।
फ्लाइट्स और पोर्ट पर क्या असर पड़ा?
इस भारी तनाव का सीधा असर आम लोगों की यात्रा और गल्फ में रहने वाले प्रवासियों पर पड़ा है। सुरक्षा को देखते हुए एयर कनाडा और ब्रिटिश एयरवेज जैसी बड़ी एयरलाइंस ने दुबई और अन्य क्षेत्रीय एयरपोर्ट्स के लिए अपनी फ्लाइट्स 1 मई तक सस्पेंड कर दी हैं। वहीं, फुजैरा (UAE) और सोहर (ओमान) पोर्ट पर तेल लोडिंग का काम ड्रोन गतिविधियों और मलबे से लगी आग के कारण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
UAE और अमेरिका का क्या कहना है?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, अमेरिका ने खार्ग द्वीप पर सिर्फ सैन्य और एयर डिफेंस ठिकानों को निशाना बनाया है और तेल क्षेत्रों को अभी छोड़ दिया है। दूसरी तरफ, UAE के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइलों और ड्रोन को लगातार रोक रहा है। मंत्रालय ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे घटनास्थलों के वीडियो या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें।




