Kuwait में मिसाइल हमले के बाद हाई अलर्ट, सेना ने लोगों को मलबे से दूर रहने की दी सख्त हिदायत
कुवैत में शुक्रवार की सुबह एक बड़ी सुरक्षा घटना सामने आई जब ईरान की तरफ से कई मिसाइल और ड्रोन दागे गए। कुवैत की सेना ने अपनी मुस्तैदी साबित करते हुए इन हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। कुवैत आर्म्ड फोर्सेज ने पुष्टि की है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश की सुरक्षा सुनिश्चित की और गनीमत रही कि किसी भी नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। धमाकों की आवाज से लोग डर गए थे, लेकिन सेना ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है।
📰: Iran ने Bahrain और Kuwait में अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला, 23वीं बार दागी गई मिसाइलें।
सेना ने हवा में ही नष्ट किए 12 ड्रोन और 14 मिसाइल
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि यह हमला शुक्रवार तड़के हुआ था। सेना ने उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के ऊपर 12 ड्रोन को मार गिराया, जबकि दक्षिणी क्षेत्र में 14 मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया। कर्नल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि लोगों ने जो धमाकों की आवाजें सुनीं, वे दरअसल डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइलों को नष्ट करने की आवाजें थीं।
अधिकारियों ने बताया कि दो मिसाइलें खतरे वाले क्षेत्र से बाहर गिरीं। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन हवा में मिसाइल नष्ट होने के बाद उनका मलबा गिरने से कुछ स्थानों पर मामूली नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद कुवैत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को पत्र लिखकर इस हमले की निंदा की है और इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है।
आम जनता और प्रवासियों के लिए जारी हुए सख्त नियम
कुवैत में रह रहे भारतीयों और अन्य प्रवासियों को अभी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मंत्रालय ने सुरक्षा को देखते हुए नागरिकों के लिए कुछ सख्त निर्देश जारी किए हैं:
- सायरन पर ध्यान दें: अगर सुरक्षा सायरन बजता है, तो तुरंत घर के अंदर या सुरक्षित स्थान पर रहें।
- मलबे से दूर रहें: अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मिसाइल का मलबा खतरनाक हो सकता है। इसे छूने या यादगार (Souvenir) के तौर पर घर ले जाने की गलती बिल्कुल न करें।
- अफवाह न फैलाएं: सोशल मीडिया पर युद्ध से जुड़ी गलत जानकारी या वीडियो शेयर करने से बचें। पुलिस ने पैनिक फैलाने के आरोप में 13 लोगों को हिरासत में भी लिया है।
- फ्लाइट अपडेट: सुरक्षा कारणों से ओमान एयर ने 6 से 8 मार्च तक कुवैत आने-जाने वाली अपनी उड़ानें रोक दी हैं। यात्रा करने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क जरूर करें।





