दुबई में फंसे झारखंड के प्रवासी मजदूरों को अब राहत मिलने लगी है। तीन महीने की बकाया मजदूरी के एवज में उन्हें एक महीने की मजदूरी दी गई है। तनख्वाह नहीं की वजह से मजदूरों को आर्थिक संकट की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। फिलहाल एक महीने की मजदूरी मिलने से उनके चेहरे की रौनक थोड़ी लौट आयी है।
अब उन्हें उम्मीद है कि बकाया दो महीने की मजदूरी मिलते ही वो अपने स्वदेश लौट जायेंगे। प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकंदर अली ने दुबई में फंसे झारखंड के प्रवासी मजदूरों के हवाले से जानकारी दी कि फिलहाल मजदूरों को अप्रैल महीने की बकाया मजदूरी दी गई है।
आपको बता दें कि झारखंड के 15 प्रवासी मजदूर कुछ महीनों से दुबई में फंसे हुए हैं। तीन महीनों से उन्हें मजदूरी नहीं दी गई है। उन्हें खाने-पीने तक के लिए नहीं मिल रहा था। बीते दिनों पहले ही मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए दुबई में फंसे हुए होने की बात कही थी साथ ही भारत सरकार से सहयोग की अपील की थी।
इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य और केंद्र स्तर पर संबंधित एजेंसियों ने मामले को सुलझाया और फिलहाल मजदूरों को एक महीने की मजदूरी दी गई है।




