25 अगस्त को काहिरा (मिस्र) में 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई। उसने सोशल मीडिया पर चल रहे “Eat Ramen Raw” चैलेंज में हिस्सा लेते हुए कच्ची इंस्टैंट नूडल्स के तीन पैकेट खा लिए थे। इसके आधे घंटे के अंदर ही उसे तेज पेट दर्द, उल्टी और पसीना आने लगा। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।
जांच में पता चला कि नूडल्स खराब या दूषित नहीं थे। डॉक्टरों ने माना कि इतने ज्यादा सूखी नूडल्स एक साथ खाने से उसकी आंतों में ब्लॉकेज जैसी गंभीर समस्या हुई।
कच्ची नूडल्स खाने के खतरे
-
पेट में सूज कर ब्लॉकेज बना सकती हैं।
-
पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) और तेज पेट दर्द हो सकता है।
-
मसाला पाउडर और तेल आंतों को चुभ सकते हैं।
-
इनमें सोडियम बहुत ज्यादा होता है, जो लंबे समय में दिल, डायबिटीज़ और मोटापे जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है।
वायरल चैलेंज का खतरा
“Eat Ramen Raw” चैलेंज में लोग सूखी नूडल्स और मसाला डालकर बिना पकाए खाते हैं और इसे मज़ेदार बताकर सोशल मीडिया पर डालते हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह ट्रेंड बच्चों और युवाओं के लिए खतरनाक है। पहले भी कई वायरल चैलेंज (जैसे Blackout, Tide Pod, Benadryl) मौत का कारण बने हैं।
बच्चों और माता-पिता के लिए सलाह
इंस्टैंट नूडल्स हमेशा पकाकर ही खाएं।
मसाला पाउडर कम इस्तेमाल करें, सब्ज़ियां और प्रोटीन मिलाएं।
नूडल्स को रोज़ का खाना न बनाएं, कभी-कभी ही खाएं।
बच्चों को ऐसे खतरनाक ऑनलाइन चैलेंज से दूर रखें।
संतुलित और पौष्टिक भोजन पर ध्यान दें।




