संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने वैश्विक पर्यटन क्षेत्र में अपनी केंद्रीय भूमिका को और मजबूत करते हुए अंतरराष्ट्रीय यात्रा, आयोजन और निवेश के लिए अग्रणी गंतव्य के रूप में अपनी स्थिति को पक्का कर लिया है। विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को मनाने की तैयारी के बीच देश ने 2024 और 2025 में पर्यटन क्षेत्र में कई रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियां दर्ज की हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय संगठनों और दुनियाभर के पर्यटकों ने सराहा है।
यूएई के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मार्री ने बताया कि देश ने यूएई टूरिज्म स्ट्रैटेजी 2031 की शुरुआत की है और शेखा नासिर अल नोवैस को 2026-2029 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन का महासचिव चुना गया है ये पहले अमीराती हैं जिन्हें यह पद मिला है। उन्होंने कहा कि यूएई अंतरराष्ट्रीय पर्यटक खर्च में दुनिया के शीर्ष सात गंतव्यों में शामिल है और हवाई परिवहन अवसंरचना गुणवत्ता सूचकांक सहित कई वैश्विक प्रतिस्पर्धा सूचकों में शीर्ष स्थान हासिल कर चुका है।
पर्यटन क्षेत्र का योगदान 2024 में यूएई के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में बढ़कर 257.3 अरब दिरहम हो गया, जो राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का 13 प्रतिशत है। यह 2023 की तुलना में 3.2 प्रतिशत और महामारी-पूर्व 2019 के स्तर से 26 प्रतिशत अधिक है। 2024 में अंतरराष्ट्रीय पर्यटक खर्च 217.3 अरब दिरहम तक पहुंचा, जो 2023 से 5.8 प्रतिशत और 2019 से 30.4 प्रतिशत अधिक है, जबकि घरेलू पर्यटन खर्च 57.6 अरब दिरहम रहा, जो 2019 की तुलना में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। होटल सेक्टर की कमाई लगभग 45 अरब दिरहम तक पहुंची और होटल ऑक्यूपेंसी रेट 78 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सबसे ऊंचा है। 2024 में लगभग 30.75 मिलियन होटल मेहमान दर्ज किए गए, जो 2023 के मुकाबले 9.5 प्रतिशत अधिक है।
हवाई यातायात के मामले में भी यूएई ने शानदार प्रदर्शन किया। 2015 से 2024 के बीच देश के हवाई अड्डों ने एक अरब से अधिक यात्रियों को संभाला। 2025 के पहले आठ महीनों में यात्री संख्या बढ़कर 102.9 मिलियन हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 5.3 प्रतिशत ज्यादा है। इसी दौरान होटल राजस्व भी 26 अरब दिरहम को पार कर गया। 2025 में होटल मेहमानों की संख्या 33 मिलियन तक पहुंचने और होटल राजस्व में 7 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि का अनुमान है, जबकि हवाई अड्डों पर यात्री संख्या 160 मिलियन तक पहुंच सकती है।
पर्यटन निवेश भी तेजी से बढ़ रहा है। 2023 में 28.8 अरब दिरहम का निवेश आकर्षित करने के बाद 2024 में यह 32.2 अरब दिरहम तक पहुंचा और 2025 में 35.2 अरब दिरहम तक पहुंचने का अनुमान है। दुबई के अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुनिया का सबसे बड़ा पैसेंजर टर्मिनल बनाने की मंजूरी मिल चुकी है, जिसकी लागत 128 अरब दिरहम और क्षमता 260 मिलियन यात्रियों की होगी।
यूएई की “वर्ल्ड्स कूलस्ट विंटर” कैंपेन ने पांच संस्करणों में करीब 6.7 अरब दिरहम की होटल आय उत्पन्न की है और दुनिया के 1.2 अरब से अधिक लोगों तक देश के विविध पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक खूबसूरती को पहुंचाया है। आने वाले समय में यूएई दुबई में 27 अक्टूबर 2025 को यूएई अफ्रीका टूरिज्म इन्वेस्टमेंट समिट की मेजबानी करेगा, जिसमें 53 अफ्रीकी देशों के पर्यटन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो वैश्विक पर्यटन निवेश में यूएई की मजबूत साझेदारी को और उजागर करेगा।




