यूएई में इस वक्त गर्मी कहर ढ़ा रही है। यहां का तापमान 50 डिग्री के पार जा चुका है। इतनी भंयकर गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। ऐसे में अजमान पुलिस ने दया और मानवीयता का परिचय देते हुए क्षेत्र में काम कर रहे मज़दूरों को ठंडा पानी और अन्य ताजगी भरे पेय पदार्थ वितरित किए।
इस पहल का उद्देश्य न केवल उन्हें गर्मी से राहत देना था, बल्कि यह भी दर्शाना था कि यूएई में श्रमिकों की भलाई को कितनी प्राथमिकता दी जाती है। यह एक ऐसा संदेश था जो गर्मी में भी दिलों को ठंडक पहुंचा गया। अजमान में मज़दूरों की बस्तियों में पुलिस अधिकारियों को जूस, लबन (छाछ) और छोटे कपों में आइसक्रीम के पैकेट बांटते हुए देखा गया।
पुलिस की यह उदार पहल केवल श्रमिकों तक सीमित नहीं रही रास्ते से गुज़रने वाले अन्य निवासियों को भी ये ठंडी सौगातें दी गईं। इस तरह की गतिविधियां न केवल गर्मी में राहत देती हैं, बल्कि सामुदायिक एकजुटता और करुणा की भावना को भी मजबूत करती हैं।




