दुबई में वर्क परमिट और वीजा दिलवाने के नाम ठगी का एक और मामला फिर से सामने आया है। इसी कड़ी में गाजियाबाद के कारोबारी ठगी का शिकार हो गए। कारोबारी का कहना है कि कबाड़ी और उसके पार्टनर ने बेटे को दुबई में वर्क परमिट दिलाने के नाम पर ठगी की।
गाजियाबाद के जस्सीपुर के रहने वाले रिजवान अपना खुद का बिजनेस चलाते हैं। एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी को दी गई शिकायत में रिजवान ने बताया कि बुलंदशहर के स्याना में कबाड़ की दुकान चलाने वाले जान पहचान वाला मोहसिन 2022 फरवरी में उनकी दुकान पर आया था। इस दौरान मोहसिन ने रिजवान से कहा कि उनका बेटा रिहान को वो दुबई में वर्क परमिट दिलवा सकता है।
दुबई में जाकर वो अच्छा पैसा कमायेगा जिससे परिवार की स्थिति सुधर जायेगी। इसके साथ ही मोहसिन ने कहा कि वो बहुत से लोगों को दुबई का वर्क परमिट दिलवा चुका है। रिजवान ने बताया कि वर्क परमिट दिलवाने के नाम पर मोहसिन ने उनसे 15 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद मोहसिन ने रिजवान की मुलाकात अपने किसी पार्टनर चांद से करवायी जो स्याना सब्जी मंडी में आढ़त का काम करता है। उसने भी वहीं बात दोहराई
रिजवान ने दोनों की बात पर भरोसा करते हुए 6.60 लाख रुपए किश्तों में ट्रांसफर किए बाकी 8.40 लाख रूपए मोहसिन उनके घर से आकर ले गया। वक्त बीतने के बाद जब रिजवान ने मोहसिन और चांद से अपने बेटे के वीजा और नौकरी की बात कही तो दोनों बहाने बनाने लगे। चार महीने बीतने के बाद ना ही वीजा दिलवाया और ना ही रकम लौटायी। जब रिजवान ने अपनी रकम वापस मांगी तो मोहसिन और चांद दोनों मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे।
अंत में रिजवान ने हार थककर मोहसिन और चांद के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




