कतर सरकार ने अपने सिविल ह्यूमन रिसोर्सेज़ लॉ (नागरिक मानव संसाधन कानून) में कई बड़े बदलाव किए हैं। सरकार के द्वारा किए गए इन बदलावों का उद्देश्य कतरी परिवारों को मजबूत बनाना और सरकारी कर्मचारियों के प्रदर्शन को बेहतर करना है।
कतरी दंपत्तियों को मिलेगा विवाह भत्ता
अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के द्वारा जारी किए गए 2025 के कानून नंबर 25 के तहत, अब कतरी दंपत्तियों (पति-पत्नी) को विवाह भत्ता (marital allowance) और हर साल 12,000 क़तरी रियाल का शादी प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा। इस नए कानून में कई सामाजिक और प्रशासनिक सुधार शामिल हैं, ताकि सरकारी नौकरियों को आकर्षक बनाया जा सके और कार्य वातावरण बेहतर हो।
यह कानून 2016 के कानून नंबर 15 में संशोधन करता है और इसके साथ ही कैबिनेट निर्णय नंबर 34 (2025) के जरिए इसके नियम भी अपडेट किए गए हैं। जिसका उद्देश्य कतर नेशनल विजन 2030 और थर्ड नेशनल डेवलपमेंट स्ट्रैटेजी के लक्ष्यों के अनुरूप कामकाज को आधुनिक और कुशल बनाना है।
प्रदर्शन आधारित प्रमोशन और वेतन वृद्धि प्रणाली होगी लागू
सिविल सर्विस और गवर्नमेंट डेवलपमेंट ब्यूरो के प्रमुख डॉ. अब्दुलअज़ीज़ बिन नासिर अल खलीफा ने कहा कि ये सुधार “एक संतुलित और व्यावहारिक कानून बदलाव” हैं जो कर्मचारियों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये बदलाव संस्थागत दक्षता बढ़ाएंगे, स्थानीय प्रतिभा को सशक्त करेंगे और एक प्रेरित व कुशल कार्यबल तैयार करेंगे जो बेहतर सार्वजनिक सेवाएं दे सके।
नए नियमों के अंतर्गत अब प्रदर्शन आधारित प्रमोशन और वेतन वृद्धि प्रणाली लागू होगी। नए नियम के तहत कर्मचारियों की रेटिंग के लिए “Exceeds Expectations” (अपेक्षाओं से बेहतर) और “Exceptional” (असाधारण) जैसे दो नए स्तर जोड़े गए हैं। कमजोर प्रदर्शन करने वालों के लिए समीक्षा प्रक्रिया भी होगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
हर साल वेतन की वृद्धि 1 जनवरी से तय
हर साल वेतन की वृद्धि 1 जनवरी से तय होगी। जो कर्मचारी अच्छा प्रदर्शन करेंगे उनकी ग्रेड अलाउंस का 150% तक बढ़ोतरी मिल सकती है। सुपरवाइज़री पदों पर रहने वालों को 1,20,000 रियाल तक का वार्षिक बोनस मिल सकता है। उत्कृष्ट कर्मचारियों को जल्दी प्रमोशन या नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। गैर-नकद पुरस्कारों की राशि 3,000 रियाल से बढ़ाकर 5,000 रियाल कर दी गई है। अब यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए पार्ट-टाइम नौकरियां और अस्थायी भर्ती अनुबंध भी शुरू किए गए हैं ताकि कामकाजी लचीलापन बढ़े।




