आज सुबह अबू धाबी के कई इलाकों में धुंध और लो विज़िबिलिटी दर्ज की गई। मौसम को देखते हुए अबू धाबी पुलिस और नेशनल सेंटर ऑफ मेट्रोलॉजी (NCM) ने सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की। ड्राइवरों से आग्रह किया है कि वे गाड़ी चलाते समय बहुत सतर्क रहें और सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि हादसों से बचा जा सके।
NCM के मुताबिक, 11 अक्टूबर की सुबह 5:45 बजे से 9:00 बजे के बीच कोहरे की वजह से खासकर तटीय और पश्चिमी इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम रही।
अगले हफ्ते बारिश, तेज हवायें और ऊंची लहरों की वजह से मौसम रहेगा खराब
मौसम में बदलाव को देखते हुए नेशनल इमरजेंसी, क्राइसिस और डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NCEMA), NCM, गृह मंत्रालय और अन्य विभाग मिलकर आने वाले दिनों के मौसम पर नजर रख रहे हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगले हफ्ते तक देश में बारिश, तेज हवाएं और ऊंची लहरों वाला खराब मौसम रहेगा। उत्तर, पूर्व और पश्चिमी इलाकों के साथ कुछ अंदरूनी जगहों पर भी बारिश और धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे दृश्यता कम होगी। अरब सागर और ओमान की खाड़ी में समुद्र में ऊंची लहरें और खराब स्थिति रहने की संभावना है।
NCEMA की ओर से जानकारी दी गई है कि सभी संबंधित अधिकारी अलर्ट पर हैं और पूरी तरह तैयार हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक मौसम बुलेटिनों पर भरोसा करें, निचले इलाकों से दूर रहें और अपनी सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें।
वीकेंड मौसम
इस हफ्ते यूएई का मौसम दक्षिण से आने वाले लो-प्रेशर सिस्टम और ऊपरी ठंडी-नमी वाली हवा के कारण अस्थिर रहेगा। शुक्रवार से रविवार तक तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
कैसा रहेगा 12 अक्टूबर का मौसम
आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी, जो उत्तरी और पूर्वी इलाकों में तेज भी हो सकती है। तापमान में गिरावट रहेगी। कुछ जगहों पर हल्की ओले गिरने की संभावना। हवायें दक्षिण-पूर्व से उत्तर-पूर्व की ओर चलेंगी और बाद में उत्तर-पश्चिम की दिशा में बदलेंगी। कभी-कभी तेज होकर धूल उड़ा सकती हैं। समुद्र हल्का से मध्यम रहेगा, लेकिन अरब सागर और ओमान की खाड़ी में लहरें ऊंची हो सकती हैं।
तापमान:
दुबई:
-
शनिवार: अधिकतम 35.6°C, न्यूनतम 27.2°C
-
रविवार: अधिकतम 36.7°C, न्यूनतम 28.3°C
अबू धाबी:
-
शनिवार: अधिकतम 36.1°C, न्यूनतम 26.1°C
-
रविवार: अधिकतम 36.1°C, न्यूनतम 27.8°C




