Budget 2026: बजट आते ही 1600 अंक टूटा सेंसेक्स, STT बढ़ने से निवेशकों को लगा जोरदार झटका
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को देश का बजट पेश किया। बजट के दौरान शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1,600 प्वॉइंट से ज्यादा टूट गया और निफ्टी भी 24,800 के स्तर पर आ गया। बाजार में यह गिरावट मुख्य रूप से ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ने के कारण आई। हालांकि दिन के अंत में बाजार थोड़ा संभल गया था और कुछ हद तक रिकवरी देखने को मिली।
यह खबर भी पढ़िये: Budget 2026: सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सरकार की बड़ी राहत, मुआवजे के ब्याज पर अब नहीं लगेगा कोई टैक्स।
टैक्स बढ़ने से बाजार में क्यों मची खलबली?
बाजार गिरने का सबसे बड़ा कारण F&O यानी फ्यूचर्स और ऑप्शंस पर टैक्स का बढ़ना है। सरकार ने इस पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ा दिया है। फ्यूचर्स पर टैक्स 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दिया गया है। वहीं ऑप्शंस पर इसे 0.10% से बढ़ाकर 0.15% किया गया है।
इस खबर के आते ही एंजेल वन और बीएसई जैसे ब्रोकरेज कंपनियों के शेयर 10% तक गिर गए। इसके अलावा शेयर बायबैक पर भी टैक्स के नियमों में बदलाव हुआ है। अब प्रमोटरों के लिए बायबैक पर टैक्स 30% तक हो सकता है, जिससे निवेशकों में निराशा देखी गई।
सोना-चांदी और विदेशी टूर पर क्या असर हुआ?
बाजार गिरने के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट में भी भारी गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोना और चांदी की कीमतों में 6% का लोअर सर्किट लगा। चांदी की कीमतों में 17,515 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
आम लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि विदेशी टूर पैकेज पर टीसीएस (TCS) की दर घटाकर 2% कर दी गई है। इसके अलावा सरकार ने बुनियादी ढांचे यानी इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है। बायोफार्मा सेक्टर के लिए भी 10,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।





