Dubai में बेजुबानों के लिए शुरू हुई खास सेवा, अब AI मशीन से मिलेगा खाना और पानी
दुबई म्युनिसिपलिटी ने शहर में आवारा जानवरों की देखभाल के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की है। ‘Ehsan Stations’ नाम के इस प्रोजेक्ट के तहत 8 मार्च 2026 को शहर भर में स्मार्ट फीडिंग स्टेशन लॉन्च किए गए हैं। यह मशीनें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सौर ऊर्जा से चलती हैं, जो बिना किसी इंसानी मदद के बिल्ली और अन्य छोटे जानवरों को खाना और पानी उपलब्ध कराएंगी। इसका मकसद शहर को साफ रखना और बेजुबानों को सही तरीके से मदद पहुंचाना है।
कैसे काम करेंगे ये स्मार्ट स्टेशन?
दुबई के अलग-अलग इलाकों में कुल 12 स्मार्ट मशीनें लगाई गई हैं। इनमें से 10 यूनिट बड़े पब्लिक पार्कों में और 2 यूनिट Dubai Holding की इमारतों में स्थापित की गई हैं। इन स्टेशनों में खास तरह के सेंसर लगे हैं जो जानवर के पास आते ही उसे पहचान लेते हैं। मशीन यह जांचती है कि वह किस तरह का जानवर है और उसे कितने खाने या पानी की जरूरत है, फिर उसी हिसाब से खाना डिस्पेंस होता है। यह सिस्टम पूरी तरह से सोलर पावर पर काम करता है, जो दुबई के ‘स्मार्ट सिटी’ विजन का हिस्सा है।
आम लोग कैसे कर सकते हैं मदद?
म्युनिसिपलिटी ने लोगों से अपील की है कि वे अब पार्कों या गलियों में खुद से खाना न डालें, क्योंकि इससे गंदगी फैलती है। इसके बजाय, लोग Mohammed Bin Rashid Global Centre For Endowment Consultancy (MBRGCEC) के जरिए सीधे मदद कर सकते हैं।
- आप SMS के जरिए 50, 100 या 200 दिरहम का डोनेशन दे सकते हैं।
- बड़ी कंपनियां इन स्टेशनों को स्पोंसर कर सकती हैं और वहां अपना लोगो लगवा सकती हैं।
- अगर आवारा जानवरों से जुड़ी कोई समस्या हो तो आप 800900 पर कॉल कर सकते हैं।
डॉ. नसीम मोहम्मद रफी ने बताया कि यह कदम दुबई की दयालुता और आधुनिक सोच को एक साथ लाता है। इससे न सिर्फ जानवरों का पेट भरेगा, बल्कि रिहायशी इलाकों में बचे हुए खाने की बर्बादी भी कम होगी।





