London से Bengaluru आ रही Air India फ्लाइट में बड़ी खराबी, इंजन स्विच में आई दिक्कत के बाद विमान Ground
लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-132 में एक गंभीर तकनीकी खराबी का पता चला है। सोमवार को जब यह विमान बेंगलुरु पहुंचा तो पायलट ने देखा कि इंजन को चालू रखने वाला एक अहम स्विच ठीक से लॉक नहीं हो रहा था। सुरक्षा को देखते हुए एअर इंडिया ने इस बोइंग 787-8 विमान (VT-ANX) को उड़ान भरने से रोक दिया है और मामले की जानकारी डीजीसीए (DGCA) को दे दी गई है।
जरूरी खबर: Delhi Airport T-3 Update: अब T-3 से नहीं उड़ेंगी कई डोमेस्टिक फ्लाइट्स, Pier-C हुआ इंटरनेशनल, जानिए नया रूट।
कैसे टला बड़ा हादसा?
पायलट ने जांच के दौरान पाया कि बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ मोड पर टिक नहीं रहा था। यह स्विच हल्का सा धक्का लगने पर अपने आप ‘CUT-OFF’ यानी बंद होने की दिशा में खिसक रहा था। अगर हवा में यह स्विच अपनी जगह से हिल जाता तो इंजन को तेल मिलना बंद हो जाता और इंजन अचानक बंद हो सकता था। राहत की बात यह रही कि यह खराबी जमीन पर रूटीन चेक के दौरान पकड़ में आ गई। इस तरह के स्विच बनाने वाली कंपनी हनीवेल और बोइंग अब इसकी तकनीकी जांच करेंगे।
पुराने हादसे की याद दिलाती है यह घटना
यह मामला इसलिए भी ज्यादा गंभीर है क्योंकि जून 2025 में अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के एक बड़े हादसे के पीछे भी यही वजह मानी जा रही है। उस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी और जांच एजेंसियां अभी भी उसकी पड़ताल कर रही हैं। अमेरिका की सुरक्षा एजेंसी FAA ने साल 2018 में ही इस तरह के स्विच को लेकर चेतावनी जारी की थी। फिलहाल एअर इंडिया और बोइंग मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।




