Dubai Flight Update: Emirates ने मंगलवार दोपहर 3 बजे तक सभी फ्लाइट्स रोकीं, यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी
दुबई से यात्रा करने वाले और दुबई आने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। Emirates Airline ने अपनी सभी उड़ानों पर लगी रोक को मंगलवार, 3 मार्च दोपहर 3:00 बजे (UAE टाइम) तक बढ़ा दिया है। यह फैसला क्षेत्र में कई जगहों पर एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) बंद होने की वजह से लिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट न जाएं, क्योंकि वहां चेक-इन की सुविधा नहीं मिलेगी।
टिकट रिफंड और रीबुकिंग के नियम क्या हैं?
एमिरेट्स ने प्रभावित यात्रियों के लिए नियमों में ढील दी है, ताकि उनका नुकसान न हो। अगर आपकी फ्लाइट 5 मार्च तक बुक थी, तो आपके पास दो विकल्प हैं:
- फ्री रीबुकिंग: आप अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। 20 मार्च तक की किसी भी नई फ्लाइट में सीट बुक करने पर कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लगेगा।
- पूरा रिफंड: अगर आप अब यात्रा नहीं करना चाहते हैं, तो आप टिकट कैंसिल करवाकर पूरा पैसा वापस ले सकते हैं। इसके लिए आपको एमिरेट्स की वेबसाइट या अपने ट्रेवल एजेंट से बात करनी होगी।
फंसे हुए यात्रियों के लिए क्या इंतजाम है?
जो यात्री दुबई में ट्रांजिट के दौरान फंस गए हैं, उनकी मदद के लिए सरकार और एयरलाइंस आगे आई हैं। इन यात्रियों के रहने, खाने और नाश्ते का खर्चा उठाया जा रहा है। दुबई में मौजूद सभी ‘सिटी चेक-इन’ पॉइंट्स को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Iran, Iraq और Israel में एयरस्पेस बंद होने के कारण उड़ानों पर यह असर पड़ा है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है, इसलिए इस फैसले से हजारों यात्रियों के प्लान बदल गए हैं। आप घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।




