नए साल के आगाज से पहले ही पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। आने वाले 48 घंटों के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह के वक्त बहुत घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी नए साल की शुरुआत यानी 1 जनवरी तक घने कोहरे का दौर जारी रहने की उम्मीद है।
पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार समेत इन राज्यों में नए साल की शुरुआत तक छाया रहेगा घना कोहरा, कोल्ड डे की चेतावनी
ताजा अनुमान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा पड़ने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में 3 जनवरी तक घना कोहरा छाया रह सकता है। कोहरे के साथ-साथ इन राज्यों के लिए ‘कोल्ड डे’ (बेहद ठंडे दिन) की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे लोगों को अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
हरियाणा के हिसार में 2.1 डिग्री तक लुढ़का पारा, कई राज्यों में 5 से 10 डिग्री के बीच बना हुआ है तापमान
शीतलहर का असर तापमान में भारी गिरावट के रूप में देखा जा रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरियाणा के हिसार में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से 10 डिग्री सेल्सियस की रेंज में दर्ज किया जा रहा है, जिससे रात और सुबह के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश बढ़ाएगी मुसीबत, अंडमान में भी बिगड़ सकता है मौसम
ठंड और कोहरे के बीच बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान है। 30 दिसंबर से 02 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फ़बारी होने की प्रबल संभावना है। इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के साथ बर्फ़बारी हो सकती है। मैदानी इलाकों की बात करें तो 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में, जबकि 01 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 30-31 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के आसार हैं।




