लखनऊ में खाना बनाने वक्त गैस सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट, तीन बच्चों को लेकर बाहर भागीं महिला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हादसे की खबर सामने आई है। खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बंथरा के अंबेडकर नगर की है जब रविवार को सिलेंडर फटने से आग लग गई।

टूट गया घर
मिली जानकारी के अनुसार यह घर मजदूर अजय का है जो अपने परिवार के साथ इस घर में रहते थे। रविवार सुबह जब वह अपने काम पर चले गए तब उनकी पत्नी खाना बना रही थीं। तीनों बच्चे आंगन में खेल रहे थे। इसी बीच सिलेंडर में आग लग गई और महिला उसे बुझाने की कोशिश करने लगी।
लेकिन जब आग पर काबू नहीं पा सकी तो अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गई । इसके बाद सिलेंडर फट गया और दीवार और छत भरभरा कर ढह गई। हालांकि उनका घर टूट गया है लेकिन राहत की बात है कि सभी की जान सुरक्षित है। पड़ोसियों को अचानक हुए हादसे का यकीन ही नहीं हो रहा था। महिला की सूझबूझ से आज उनका परिवार सुरक्षित है। सिलेंडर का सावधानी से इस्तेमाल जरूरी है।




