संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह शहर में एक भारतीय प्रवासी महिला, अथुल्या शेखर, शनिवार सुबह अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। यह दिन उनका 30वां जन्मदिन था और साथ ही वह अपनी नई नौकरी का पहला दिन शुरू करने जा रही थीं।
अथुल्या की मौत शारजाह के रॉला इलाके में हुई। उनकी बहन और बहनोई, जो शारजाह में ही रहते हैं, उन्होंने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। अथुल्या एक 10 साल की बेटी की मां थीं। इस घटना ने UAE में रहने वाले केरल के प्रवासी समुदाय को एक बार फिर सदमे में डाल दिया है। यह घटना उस हालिया मामले के बाद सामने आई है जिसमें एक 32 वर्षीय मलयाली महिला और उसकी 16 महीने की बेटी शारजाह में मृत पाई गई थीं। पुलिस ने उस मामले को मर्डर-सुसाइड बताया था, जिसमें महिला ने पहले बच्ची को दम घोंटकर मारा और फिर फांसी लगा ली थी। वह घटना घरेलू कलह का नतीजा बताई गई थी।
पति पर घरेलू हिंसा का आरोप
अथुल्या की मौत के बाद उनके पति पर घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगे हैं। अथुल्या के माता-पिता, जो केरल के कोल्लम जिले में रहते हैं, ने उनके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वह व्यक्ति दुबई में एक सिविल इंजीनियर के तौर पर काम करता है। शारजाह में रह रहे उनके परिवारजन भी पति के खिलाफ स्थानीय पुलिस में केस दर्ज कराने की प्रक्रिया में हैं।
उनके बहनोई ने रविवार को बताया, “हम कल शारजाह पुलिस से संपर्क करेंगे ताकि औपचारिक शिकायत दर्ज कर सकें। हम भारतीय वाणिज्य दूतावास से भी मदद ले रहे हैं।” इस बीच, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने Gulf News को बयान में कहा हम अथुल्या शेखर के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी टीम परिवार और शारजाह प्रशासन के संपर्क में है और हर संभव सहायता दी जा रही है।
परिवार के अनुसार, अथुल्या और उनकी बेटी पहले केरल में रहती थीं और वे कभी-कभार अपने पति से मिलने UAE आती थीं। उनकी और उनकी बेटी की UAE रेजिडेंसी वीजा है, लेकिन कुछ महीने पहले ही अथुल्या ने अपने पति के साथ शारजाह में रहना शुरू किया था। उनकी बेटी अब भी उनके माता-पिता के पास भारत में है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पति की सफाई और उल्टा आरोप
मलयालम मीडिया से बात करते हुए अथुल्या के पति ने उनके निधन में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है, हालांकि उसने स्वीकार किया कि उसने पहले कभी-कभी अथुल्या के साथ मारपीट की थी। उसका कहना है कि घटना के समय वह घर पर नहीं था। उसने कहा, हमारे पास केवल एक चाबी है, जो उसके पास थी। जब मैं घर लौटा, तो दरवाजा खुला मिला और उसका शरीर ठंडा हो चुका था।
उसने यह भी आरोप लगाया कि अथुल्या पिछले कुछ महीनों से उससे दूर-दूर रहने लगी थीं। वह अलग कमरे में सोने लगी थीं और नवंबर 2023 में उन्होंने केरल में एक गर्भपात भी कराया था, जिसके बारे में पति को बताया तक नहीं गया था।




