Kuwait Govt Alert: कुवैत सरकार का सख्त आदेश, देश की सुरक्षा को बताया ‘रेड लाइन’, 16 आतंकी गिरफ्तार
कुवैत सरकार ने देश की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और सख्त बयान दिया है. कुवैत कैबिनेट ने साफ कर दिया है कि देश की सुरक्षा एक ‘रेड लाइन’ है और राष्ट्रीय स्थिरता को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हाल ही में कुवैत के गृह मंत्रालय ने एक 16 सदस्यों वाले आतंकी गुट को गिरफ्तार किया है. इस गुट में 14 कुवैती और 2 लेबनानी नागरिक शामिल हैं जो प्रतिबंधित संगठन हिजबुल्लाह से जुड़े हुए हैं. इसके साथ ही सेना ने देश के आसमान में कई ड्रोन और मिसाइल भी नष्ट किए हैं.
आतंकियों के पास से क्या-क्या मिला?
अधिकारियों ने बताया कि यह गुट कुवैत की सुरक्षा को बिगाड़ने और नए लोगों को अपने साथ जोड़ने की साजिश रच रहा था. पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान इनके पास से कई खतरनाक चीजें बरामद की गई हैं.
- हथियार, गोला-बारूद और हत्या में इस्तेमाल होने वाले उपकरण
- एनक्रिप्टेड कम्युनिकेशन डिवाइस और ड्रोन
- आतंकी झंडे, नक्शे, ड्रग्स और काफी मात्रा में कैश
सरकार ने आतंकवाद से निपटने के लिए एक नया कानून भी लागू किया है. इस नए कानून के तहत आतंकी अपराधों में उम्रकैद या मौत की सजा का प्रावधान रखा गया है. अगर कुवैत के बाहर से भी कोई कुवैती दूतावास या नागरिकों को निशाना बनाता है, तो उस पर भी यह कानून लागू होगा.
मिसाइल हमले और आम जनता के लिए अलर्ट
कुवैत की सेना और एयर डिफेंस ने पिछले 24 घंटों में कई दुश्मन ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया है. आसमान से गिरने वाले मलबे की 6 जगहों से रिपोर्ट मिली है. इसके कारण कई इलाकों में इमरजेंसी सायरन भी बजाए गए हैं.
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर नासिर बौसलाइब ने जनता को अलर्ट रहने को कहा है. उन्होंने आम लोगों को हिदायत दी है कि वे संदिग्ध चीजों या मिसाइल के मलबे के पास न जाएं. अगर कोई ऐसी चीज दिखती है तो तुरंत 112 इमरजेंसी नंबर पर कॉल करें और खुले मैदानों में जाने से बचें.
इन सब के बीच कैबिनेट ने जनता को भरोसा दिलाया है कि देश में खाने-पीने का सामान और राशन पूरी तरह से पर्याप्त है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है.




