भारत ने INDEX सऊदी अरब 2025 में अपना पैवेलियन लॉन्च किया, जो किंगडम का प्रमुख इंटीरियर्स ट्रेड शो है। ये शो 9 से 11 सितंबर 2025 तक रियाद फ्रंट एग्ज़िबिशन एंड कॉन्फ्रेंस सेंटर में आयोजित हो रहा है। इस पैवेलियन का उद्घाटन सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल अजाज़ खान ने किया। इस मौके पर एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स और भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
लॉन्च के साथ ही एक इंटरैक्टिव सत्र ‘इंडिया – द आइडियल डेस्टिनेशन फॉर हैंडीक्राफ्ट्स सोर्सिंग’ आयोजित किया गया, जिसमें राजदूत खान ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने बताया कि भारत का हैंडीक्राफ्ट सेक्टर दुनिया के सबसे बड़े उद्योगों में से एक है, जो 70 लाख से अधिक कारीगरों को रोजगार देता है, जिनमें से बड़ी संख्या ग्रामीण इलाकों की महिलायें हैं। उन्होंने भारत सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना पर भी प्रकाश डाला, जो देश के हर जिले की विशेष कला और शिल्प को बढ़ावा देती है।
इस सत्र में सऊदी अरब के उद्योग जगत के नेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रसिद्ध डिज़ाइनर इमान अब्दुलएलाह अबुलजदयेल और कई प्रमुख सऊदी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे। भारत की भागीदारी का समय भी विशेष मायने रखता है क्योंकि सऊदी अरब वर्ष 2025 को हैंडिक्राफ्ट्स का वर्ष मना रहा है।
भारतीय पैवेलियन में अग्रणी हैंडीक्राफ्ट निर्यातक कंपनियाँ भाग ले रही हैं और इसमें भारत की समृद्ध शिल्प परंपरा को दर्शाया जा रहा है। यहां राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगर लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बार पांच मास्टर कारीगर शामिल हुए हैं, जो भारत की विविध पारंपरिक कलाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के मन मोहन सोनी (मेटल एंग्रेविंग), नई दिल्ली के प्रेम चंद (टेरेकोटा क्राफ्ट), केरल के प्रीथप पूथमकोड अर्जुनन (नारियल के खोल से बने शिल्प), पश्चिम बंगाल की उम्मे सलमा खातून (कांथा कढ़ाई) और ओडिशा की जशोबंती मेहर (नेचुरल फाइबर क्राफ्ट्स) शामिल हैं।
भारत पैवेलियन में कई प्रतिष्ठित भारतीय कंपनियां भी प्रदर्शनी कर रही हैं, जो हैंडमेड उत्पादों की विस्तृत विविधता को प्रदर्शित कर रही हैं। यह पैवेलियन भारत की कला, रचनात्मकता और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और सऊदी खरीदारों तथा डिज़ाइन पेशेवरों को इंटीरियर डिज़ाइन और होम डेकोर उत्पादों के बढ़ते क्षेत्रीय बाज़ार में अनोखे सोर्सिंग अवसर प्रदान करता है।



