Oman और Belarus ने किया वीज़ा नियमों में बदलाव, 17 मार्च से 30 दिनों के लिए मिलेगी वीज़ा फ्री एंट्री
Oman और Belarus ने एक दूसरे देश के नागरिकों के लिए वीज़ा नियमों में बड़ा बदलाव किया है. 17 मार्च 2026 से दोनों देशों के बीच वीज़ा फ्री सफर की शुरुआत हो रही है. इस नए समझौते के तहत नागरिक अब बिना वीज़ा के एक-दूसरे के देश जा सकेंगे और वहां 30 दिनों तक रुक सकेंगे. इस बात की आधिकारिक जानकारी ओमान के विदेश मंत्रालय ने दी है. यह नया नियम उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद होगा जो टूरिज्म या बिजनेस के सिलसिले में सफर करते हैं.
वीज़ा फ्री सफर के लिए क्या हैं जरूरी नियम
इस नई सुविधा का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को कुछ खास नियमों का पालन करना होगा. ओमान प्रशासन ने यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं.
- रुकने की अवधि: एक बार में अधिकतम 30 दिनों तक रुका जा सकता है. एक साल में कुल 90 दिनों से ज्यादा रुकने की अनुमति नहीं मिलेगी.
- पासपोर्ट वैलिडिटी: सफर करने वाले यात्री का पासपोर्ट एंट्री की तारीख से कम से कम 6 महीने तक वैलिड होना चाहिए.
- हेल्थ इंश्योरेंस: यात्रियों के पास सफर के पूरे दिनों को कवर करने वाला वैलिड हेल्थ इंश्योरेंस होना अनिवार्य है.
किन कामों के लिए मिलेगी बिना वीज़ा एंट्री
यह वीज़ा फ्री एंट्री सिर्फ उन कामों के लिए दी जा रही है जिनमें नौकरी या सैलरी शामिल नहीं है. यात्री घूमने-फिरने, बिजनेस मीटिंग या अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के लिए इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
इस नियम के तहत बेलारूस में किसी भी तरह का काम करना या पैसे कमाने वाली कोई भी गतिविधि पूरी तरह से वर्जित है. प्रशासन ने साफ किया है कि सभी को 30 दिन की समय सीमा और स्थानीय नियमों का पालन करना होगा.
डायरेक्ट फ्लाइट और समझौते की जानकारी
यह समझौता 6 अक्टूबर 2025 को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के बेलारूस दौरे के समय साइन किया गया था. बाद में जनवरी 2026 में इसके सभी प्रोसेस को पूरा कर लिया गया.
फरवरी 2025 में मस्कट और मिन्स्क के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा भी शुरू की जा चुकी है जिससे सफर काफी आसान हो गया है. बेलारूस के अधिकारियों के अनुसार इस फैसले से दोनों देशों के बीच टूरिज्म और व्यापार को काफी बढ़ावा मिलेगा.




