सऊदी हज मंत्रालय का ऐलान, 2026 के लिए Mina Towers की बुकिंग हुई फुल, अब बचे सिर्फ ये 2 पैकेज
सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने घरेलू तीर्थयात्रियों के लिए एक अहम जानकारी साझा की है। मंत्रालय ने Nusuk एप्लीकेशन के जरिए बताया है कि हज 2026 सीजन के लिए मीना के छह रिहायशी टावरों में सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। अब किसी भी टावर पैकेज में रिजर्वेशन के लिए जगह नहीं बची है। सऊदी नागरिकों और वहां रहने वाले प्रवासियों (Expats) को अब बचे हुए अन्य विकल्पों में से ही अपनी हज यात्रा प्लान करनी होगी।
अब कौन से पैकेज हैं उपलब्ध और क्या है कीमत?
चूंकि मीना टावर्स (पैकेज 3) पूरी तरह भर चुके हैं, अब घरेलू हाजियों के लिए सिर्फ पैकेज 1 और पैकेज 2 ही खुले हैं। पैकेज 1 (Developed Camps) की शुरुआत 10,366 रियाल से होती है। वहीं, पैकेज 2 (Hospitality Camps) की कीमत 8,092 रियाल से शुरू है। ये कीमतें वैट (VAT) के साथ हैं, लेकिन इसमें ट्रांसपोर्ट का खर्च अलग हो सकता है। जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन कर रखा है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द इन बचे हुए पैकेजों में अपनी सीट पक्की कर लें।
बुकिंग और पेमेंट को लेकर सख्त नियम
हज बुकिंग का दूसरा चरण 4 मार्च से शुरू हो चुका है, जिसमें सीट रिजर्व की जा रही है। अगर आप अभी बुकिंग करते हैं, तो 14 मई 2026 तक आपको बुकिंग करने के 72 घंटे के अंदर पेमेंट पूरा करना होगा। वहीं, 15 मई के बाद यह नियम बदल जाएगा और पेमेंट के लिए सिर्फ 6 घंटे का समय मिलेगा। पेमेंट सिर्फ SADAD सिस्टम के जरिए ही स्वीकार किया जाएगा। यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि सीटें बेवजह ब्लॉक न रहें।
कैंसिल करने पर रिफंड का क्या है नियम?
मंत्रालय ने कैंसिलेशन पॉलिसी भी स्पष्ट कर दी है ताकि हाजियों को बाद में परेशानी न हो। अगर कोई अपनी बुकिंग कैंसिल करता है तो नियम इस प्रकार हैं:
- 18 अप्रैल 2026 तक: अगर परमिट जारी नहीं हुआ है, तो बुकिंग कैंसिल करने पर कोई पैसा नहीं कटेगा।
- 18 अप्रैल के बाद: तारीख के हिसाब से अलग-अलग कटौती की जाएगी।
- 18 मई 2026 से: इसके बाद कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए कम से कम उम्र 15 साल होनी चाहिए और जिनके पास वैलिड इकामा है, वे ही आवेदन कर सकते हैं। प्राथमिकता उन लोगों को दी जा रही है जो पहली बार हज कर रहे हैं।




