मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र की कंटेंट इकॉनमी को मज़बूत करने के लिए Creators HQ और YouTube पहली बार दुबई में YouTube Academy शुरू कर रहे हैं। शुक्रवार को यूएई सरकार के मीडिया ऑफिस की ओर से यह जानकारी दी गई।
इस नई पहल का उद्देश्य कंटेंट क्रिएटर्स को वह स्किल और विशेषज्ञता देना है, जिससे वे लंबे समय तक टिकाऊ करियर बना सकें और क्षेत्र में डिजिटल कंटेंट की गुणवत्ता और विविधता बढ़ा सकें। Creators HQ, जो Visioneers से जुड़ा हुआ एक क्रिएटर हब है उसने बताया कि यह एकेडमी क्रिएटर्स को गहन जानकारी और सीधे कनेक्शन देगी, ताकि वे YouTube पर अपनी सफलता सुनिश्चित कर सकें।
यूएई गवर्नमेंट मीडिया ऑफिस की वाइस चेयरपर्सन और 1Billion Followers Summit की CEO आलिया अल-हमादी ने कहा कि यह एकेडमी क्रिएटर्स को एनालिटिक्स टूल्स, कम्युनिटी बिल्डिंग स्ट्रेटेजीज़ और मॉनेटाइजेशन में महारत दिलाएगी, जिससे उनका डिजिटल करियर सुरक्षित और स्थिर होगा। इस प्रोग्राम में YouTube विशेषज्ञों द्वारा एडवांस्ड वर्कशॉप्स और ट्रेनिंग कोर्स शामिल होंगे। आगे चलकर, इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल और अरबी कंटेंट को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
YouTube MENA के हेड जाविद असलानोव ने कहा, “हम मानते हैं कि MENA क्षेत्र के क्रिएटर्स ही भविष्य के एंटरटेनमेंट और क्रिएटर इकॉनमी की धड़कन हैं। Creators HQ के साथ हमारी साझेदारी से हम और ज़्यादा क्रिएटर्स को सपोर्ट दे पाएंगे ताकि वे अपने जुनून को सफल और लंबे समय तक चलने वाले करियर में बदल सकें।”
YouTube की लोकप्रियता इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है। मई 2024 तक, केवल सऊदी अरब में 2 करोड़ से ज़्यादा और यूएई में 75 लाख से अधिक लोग (18 वर्ष से ऊपर) YouTube पर सक्रिय हैं। यूएई में ऐसे चैनलों की संख्या, जो स्थानीय करेंसी में सात अंकों (मिलियन+) की कमाई कर रहे हैं, हर साल 15% बढ़ी है। सऊदी अरब और मिस्र में यह वृद्धि और भी तेज़ रही है।




