UAE सरकार का ऐलान, वेस्ट एशिया तनाव के बीच 35 लाख भारतीयों की सुरक्षा की ली गारंटी
वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के बीच UAE में रहने वाले भारतीयों के लिए राहत की खबर आई है। UAE के भारत में राजदूत अब्दुलनासर जमाल अलशाली ने साफ कहा है कि UAE में रहने वाला हर भारतीय सुरक्षित है और उनके परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भारत में बैठे परिवारों को संदेश देते हुए कहा कि UAE में आपका परिवार अकेला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच सीधे बातचीत के बाद यह भरोसा दिलाया गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी राज्यसभा में बताया कि सरकार हर स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है।
🗞️: Dubai Police Alert: दुबई में नमाज़ के दौरान गलत पार्किंग पर 500 दिरहम का चालान, पुलिस ने दी चेतावनी।
UAE में भारतीयों की सुरक्षा और वीज़ा पर राहत
UAE में इस समय करीब 35 लाख भारतीय रहते हैं जो वहां का सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है। युद्ध के हालात को देखते हुए कई लोगों के मन में डर था, लेकिन राजदूत ने 10 मार्च को साफ कर दिया कि UAE के अंदर किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। इसके साथ ही सरकार ने वीज़ा को लेकर भी एक बड़ा फैसला लिया है।
- जिन लोगों का वीज़ा 28 फरवरी के बाद फ्लाइट रद्द होने की वजह से खत्म हो गया है, उन पर ओवरस्टे फाइन माफ कर दिया गया है।
- यह छूट UAE के ICP विभाग द्वारा दी गई है ताकि आम लोगों को परेशानी ना हो।
- अबू धाबी और दुबई में भारतीय दूतावास में पासपोर्ट और वीज़ा का काम पहले की तरह नॉर्मल चल रहा है।
फ्लाइट्स, हेल्पलाइन और सरकार की आगे की तैयारी
भारत सरकार लगातार गल्फ देशों के संपर्क में है और लोगों की मदद के लिए काम कर रही है। अब तक करीब 67 हजार भारतीय नागरिक और ट्रांजिट यात्री सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। किसी भी इमरजेंसी के लिए दूतावास ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और लोगों को दूतावास की वेबसाइट पर रजिस्टर करने को कहा गया है।
UAE में स्कूल और भारतीय बिजनेस भी आम दिनों की तरह खुले हैं। अगर आगे हालात बदलते हैं तो स्कूलों को ऑनलाइन करने की पूरी तैयारी रखी गई है। विदेश मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत वाले सफर से बचें और केवल सही और सरकारी जानकारी पर ही भरोसा करें।





