Dubai Police Alert: दुबई में नमाज़ के दौरान गलत पार्किंग पर 500 दिरहम का चालान, पुलिस ने दी चेतावनी
रमजान के आखिरी दस दिनों में दुबई पुलिस ने मोटर चालकों को सख्त चेतावनी दी है। तारावीह और तहज्जुद की नमाज़ के दौरान मस्जिद के बाहर गलत तरीके से गाड़ी खड़ी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की रैंडम पार्किंग से ट्रैफिक रुकता है और इमरजेंसी गाड़ियों को निकलने में दिक्कत होती है। इसके लिए सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
मस्जिद के पास पार्किंग के क्या हैं नियम?
RTA के नियमों के अनुसार 2026 के रमजान महीने में मस्जिद के लिए तय की गई पार्किंग (M और MP Zone) 24 घंटे पूरी तरह फ्री है। इसके अलावा आम पब्लिक पार्किंग के लिए दो शिफ्ट में पैसे देने होंगे।
- शिफ्ट 1: सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक (Paid)
- शिफ्ट 2: रात 8:00 बजे से 12:00 बजे तक (Paid)
- फ्री टाइमिंग: इफ्तार और मगरिब की नमाज़ के लिए शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक पार्किंग फ्री रहेगी।
- रविवार के दिन पब्लिक पार्किंग का कोई पैसा नहीं लगेगा।
इसके साथ ही Salik Toll के समय में भी राहत दी गई है। रात 2 बजे से सुबह 7 बजे तक टोल पूरी तरह से फ्री रहेगा।
गलत पार्किंग पर कितना लगेगा जुर्माना?
सड़क पर गलत तरीके से गाड़ी लगाने, फुटपाथ घेरने या किसी दूसरे की गाड़ी के पीछे अपनी गाड़ी खड़ी करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। अगर किसी ने इमरजेंसी या एंबुलेंस का रास्ता रोका, तो सीधे कानूनी एक्शन लिया जाएगा। ट्रैफिक रोकने या अवैध पार्किंग पर 500 दिरहम का फाइन तय किया गया है। जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ट्रैफिक के डायरेक्टर ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि ऐसी हरकतों से एक्सीडेंट का खतरा बढ़ता है और पैदल चलने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है।
आम जनता कैसे कर सकती है शिकायत?
दुबई पुलिस ने अपील की है कि नमाज़ के लिए मस्जिद जाते समय थोड़ा पहले निकलें ताकि सही जगह पर गाड़ी पार्क की जा सके। अगर कोई गलत तरीके से गाड़ी खड़ी करके चला गया है या रास्ता रोक रहा है, तो उसकी शिकायत तुरंत की जा सकती है। लोग दुबई पुलिस के स्मार्ट ऐप के फीचर We Are All Police पर इसकी जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा 901 नंबर पर कॉल करके भी अपनी शिकायत आसानी से दर्ज कराई जा सकती है।





