Tesla Cybertruck के Full Self-Driving फीचर पर महिला ने ठोका केस, एक्सीडेंट में गंभीर चोट के बाद 1 मिलियन डॉलर का दावा
अमेरिका के टेक्सास में एक महिला ने एलन मस्क की कंपनी Tesla पर मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि उनका Cybertruck ‘Full Self-Driving’ (FSD) सिस्टम पर चलते समय एक बड़े हादसे का शिकार हो गया। जस्टिन सेंट अमोर नाम की इस महिला ने अगस्त 2025 में हुए इस क्रैश के बाद कंपनी से 1 मिलियन डॉलर से ज्यादा के मुआवजे की मांग की है। यह मुकदमा 20 फरवरी 2026 को दायर किया गया था और इसमें कंपनी की तकनीक पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
📰: UAE सरकार का सख्त एक्शन, मिसाइल हमले का वीडियो शेयर करने पर 2 प्रवासी गिरफ्तार, जानिए क्या है सजा।
हादसा कैसे हुआ और क्या थीं चोटें
यह घटना 18 अगस्त 2025 को ह्यूस्टन के 69 ईसटेक्स फ्रीवे पर हुई थी। जस्टिन ने अपना नया Tesla Cybertruck फरवरी 2025 में खरीदा था। जब गाड़ी एक ओवरपास के पास पहुंची, तो FSD सिस्टम ने सही तरीके से मुड़ने के बजाय गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी और वह सीधे एक कंक्रीट के बैरियर से जा टकराई। डैशकैम फुटेज में साफ दिखता है कि गाड़ी ट्रैफिक कोन को तोड़ते हुए बैरियर में घुस गई। महिला ने सिस्टम बंद करने की कोशिश की, लेकिन उसे संभलने का समय नहीं मिला। इस क्रैश में महिला की गर्दन और कमर में स्लिप डिस्क की समस्या हो गई और कलाई में गंभीर चोटें आईं।
Tesla और एलन मस्क पर लगे गंभीर आरोप
इस मुकदमे में कंपनी और सीईओ एलन मस्क पर सीधे तौर पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। वकीलों का कहना है कि Tesla ने LiDAR जैसे जरूरी और सुरक्षित सेंसर लगाने के बजाय सिर्फ सस्ते कैमरों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, कंपनी पर यह भी आरोप है कि वह अपने सेल्फ-ड्राइविंग फीचर का गलत प्रचार करती है, जिससे ड्राइवरों को लगता है कि गाड़ी पूरी तरह खुद चल सकती है। हाल ही में कैलिफोर्निया कोर्ट ने भी Tesla की मार्केटिंग को गलत बताया था। इसके साथ ही, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी NHTSA फिलहाल 2.88 मिलियन Tesla गाड़ियों के FSD फीचर की जांच कर रही है।





