Iran Attack Update: UAE में हमले से दुबई एयरपोर्ट और बुर्ज अल अरब हुए प्रभावित, वीडियो बनाने पर होगी जेल
ईरान और यूएई के बीच बढ़े तनाव के चलते हाल ही में हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों ने यूएई के कुछ हिस्सों में चिंता बढ़ा दी है। यूएई के सुरक्षा बलों ने ज्यादातर हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया, लेकिन इंटरसेप्ट होने के बाद गिरने वाले मलबे से कुछ रिहायशी और कमर्शियल इलाकों में नुकसान पहुंचा है। दुबई और अबू धाबी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दुबई और अबू धाबी के इन इलाकों पर हुआ असर
हमले के दौरान कुछ खास जगहों पर मलबा गिरने से नुकसान हुआ है, जिसके बारे में आधिकारिक जानकारी दी गई है:
- दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB): टर्मिनल 3 के पास ड्रोन का मलबा गिरने से हल्का नुकसान हुआ। उड़ानों को कुछ देर रोका गया था, लेकिन अब सिमित ऑपरेशन शुरू हो गया है। यात्रियों को बुकिंग कन्फर्म होने पर ही एंट्री मिल रही है।
- पाम जुमेराह: ‘फेयरमोंट द पाम’ होटल के नजदीक एक ड्रोन गिरने से आग लगी, जिसे तुरंत काबू कर लिया गया।
- बुर्ज अल अरब: इस मशहूर होटल के बाहरी हिस्से को मिसाइल के मलबे से मामूली चोट पहुंची है।
- अबू धाबी: अल दफरा एयर बेस पर कई हमले रोके गए, वहीं मुसफ्फा इंडस्ट्रियल एरिया में ड्रोन गिरने से 6 लोग घायल हुए हैं।
सेना के ‘बहादुर’ सिस्टम ने 96% हमले किए बेअसर
सोशल मीडिया पर लोग यूएई के डिफेंस सिस्टम की तारीफ में इसे ‘बहादुर सिस्टम’ कह रहे हैं। असल में यह साउथ कोरिया का ‘Cheongung-II’ सिस्टम है जिसने अपने पहले बड़े टेस्ट में 30 में से 29 टारगेट्स को मार गिराया, जो कि 96% सफलता दर है। इसके अलावा THAAD और Patriot जैसे सिस्टम भी लगातार काम कर रहे हैं ताकि आसमान से आने वाले खतरों को रोका जा सके। दुबई मेट्रो स्टेशन और इमारतों के बेसमेंट को सुरक्षित आश्रय बनाया गया है।
सरकार की सख्त हिदायत और हताहतों की जानकारी
इस हमले में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। वहीं 112 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनमें कई भारतीय भी हैं। यूएई सरकार ने साफ किया है कि हमले या इंटरसेप्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना एक गंभीर अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। अफवाहों से बचने और सिर्फ आधिकारिक खबरों पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।





