Jeddah Tower का 89वां फ्लोर बनकर तैयार, बुर्ज खलीफा से भी ऊंची होगी यह इमारत, देखें कब तक होगा पूरा
सउदी अरब के जेद्दा में बन रही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ‘जेद्दा टॉवर’ ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। 7 फरवरी 2026 तक इस टॉवर का 89वां फ्लोर पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। निर्माण कार्य इतनी तेजी से चल रहा है कि अब 100 मंजिल के ऐतिहासिक आंकड़े को छूने के लिए सिर्फ 11 फ्लोर और बनाए जाने हैं। यह प्रोजेक्ट सऊदी अरब के ‘विजन 2030’ का एक अहम हिस्सा है और पूरी दुनिया की नजरें इस पर टिकी हुई हैं।
जेद्दा टॉवर कब तक बनकर तैयार होगा?
जेद्दा टॉवर का काम बहुत ही तेज गति से चल रहा है। निर्माण टीम हर 3 से 4 दिन में एक नया फ्लोर तैयार कर रही है। इस रफ्तार को देखते हुए अनुमान लगाया गया है कि फरवरी 2026 के अंत तक यह इमारत 100वीं मंजिल तक पहुंच जाएगी। इसके बाद भी काम जारी रहेगा और अगस्त 2028 तक इसके पूरी तरह से कंप्लीट होने की उम्मीद है। जब यह बनकर तैयार होगा, तो इसकी ऊंचाई 1000 मीटर से भी ज्यादा होगी, जो मौजूदा सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा से करीब 173 मीटर ज्यादा है।
प्रोजेक्ट की लागत और सुविधाएं
इस विशाल टॉवर को बनाने का ठेका Saudi Binladin Group के पास है और अकेले टॉवर के निर्माण का कान्ट्रैक्ट करीब 7.2 बिलियन रियाल (लगभग 1.92 बिलियन डॉलर) का है। जेद्दा इकोनॉमिक सिटी के पूरे विकास पर करीब 100 बिलियन रियाल खर्च होने का अनुमान है। इस टॉवर में कुल 59 लिफ्ट होंगी, जो बेहद तेज गति से चलेंगी। इसमें फोर सीजन्स होटल, लक्जरी घर और दुनिया का सबसे ऊंचा ऑब्जर्वेशन डेक भी होगा।
जेद्दा टॉवर से जुड़ी मुख्य जानकारी
| कुल ऊंचाई | 1000 मीटर से अधिक (अनुमानित) |
| मौजूदा स्थिति | 89 फ्लोर पूरे (7 फरवरी 2026 तक) |
| मुख्य ठेकेदार | Saudi Binladin Group |
| पूरा होने का लक्ष्य | अगस्त 2028 |
| लिफ्ट की संख्या | 59 (KONE टेक्नोलॉजी) |




