Saudi Arabia Update: सऊदी ने किया ऐलान, 1 शवाल के बाद बंद हो जाएगा Umrah वीज़ा, हज के लिए भी नया नियम
सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने मौजूदा उमराह सीजन के लिए वीज़ा बंद होने की तारीखों का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है. जो लोग उमराह करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए वीज़ा जारी करने की आखिरी तारीख 1 शवाल तय की गई है. इसके साथ ही मंत्रालय ने यह भी साफ कर दिया है कि उमराह वीज़ा पर हज करने की अनुमति किसी को भी नहीं होगी. यह फैसला आने वाले हज सीजन की तैयारियों और मक्का मदीना में व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है.
वीज़ा और यात्रा की महत्वपूर्ण तारीखें
सऊदी सरकार ने वीज़ा और यात्रा को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी कर दी है. इसके तहत सभी यात्रियों और उमराह कंपनियों को इन तारीखों का सख्ती से पालन करना होगा.
- वीज़ा जारी करने की आखिरी तारीख: 1 शवाल (संभावित 20 मार्च 2026)
- सऊदी अरब में एंट्री की आखिरी तारीख: 15 शवाल (संभावित 3 अप्रैल 2026)
- देश से वापस लौटने की आखिरी तारीख: 1 धुल कादा (संभावित 18 अप्रैल 2026)
मंत्रालय ने सभी कंपनियों को निर्देश दिया है कि वो Nusuk Masar प्लेटफॉर्म पर अपने यात्रियों का डेटा लगातार अपडेट करते रहें ताकि समय पर सभी की वापसी सुनिश्चित हो सके.
नियम तोड़ने पर लगेगा भारी जुर्माना
हज और उमराह मंत्री डॉ. तौफीक अल-रबिया ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि बिना वैध हज वीज़ा के हज करना पूरी तरह से गैरकानूनी है. जो लोग उमराह वीज़ा पर आए हैं, उन्हें तय समय सीमा से पहले अपने देश वापस लौटना होगा. अगर कोई यात्री 1 धुल कादा के बाद भी सऊदी अरब में रुकता है, तो संबंधित उमराह कंपनी पर 1,00,000 रियाल तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.
सरकार ने यह भी बताया है कि उमराह से जुड़ी सभी इबादत और रयाजुल जन्नत में नमाज के लिए Nusuk App के जरिए परमिट लेना अनिवार्य है. इसके अलावा, एयरपोर्ट पर भीड़ से बचने के लिए कंपनियों को यात्रियों के पहुंचने का समय अलग-अलग रखने का निर्देश दिया गया है ताकि सभी यात्री आराम से अपने देश लौट सकें.




