Taiwan का बड़ा ऐलान, होटल इंडस्ट्री में 6600 विदेशियों को मिलेगी नौकरी, सैलरी 32,000 NT$ तय
ताइवान में टूरिज्म सेक्टर तेजी से वापस पटरी पर आ रहा है और वहां काम करने वालों की भारी मांग बढ़ गई है। ताइपे इकोनॉमिक एंड कल्चरल ऑफिस (TECO) के नए आंकड़ों के अनुसार, 2026 में ताइवान की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को करीब 6,600 वर्करों की जरूरत होगी। इस कमी को पूरा करने के लिए सरकार ने नई पॉलिसी बनाई है, जिसके तहत अब विदेशी स्किल्ड वर्करों को सीधे होटलों में नौकरी पर रखा जा सकेगा।
सैलरी और सुविधाओं में क्या मिलेगा?
ताइवान सरकार ने विदेशी स्किल्ड वर्करों के लिए कम से कम 32,000 NT$ (न्यू ताइवान डॉलर) की मासिक सैलरी तय की है। यह वहां की सामान्य मिनिमम वेज से ज्यादा है क्योंकि इन वर्करों को ‘स्किल्ड’ या ‘इंटरमीडिएट’ श्रेणी में रखा गया है।
- खर्चा: नए नियमों के मुताबिक, नौकरी देने वाले एम्प्लॉयर को ही वर्कर के फ्लाइट टिकट का खर्चा उठाना होगा।
- मेडिकल और वीज़ा: वीज़ा फीस और हेल्थ चेकअप का पैसा भी कंपनी ही देगी, वर्कर को यह खर्चा नहीं करना होगा।
- शर्त: ताइवान के एम्प्लॉयर को एक विदेशी वर्कर रखने के लिए पहले एक स्थानीय ताइवान कर्मचारी की सैलरी में 2,000 NT$ की बढ़ोतरी करनी होगी।
किन कामों के लिए होगी भर्ती?
शुरुआत में सरकार ने सिर्फ चार तरह के कामों के लिए विदेशियों को भर्ती करने की अनुमति दी है। इसमें हाउसकीपिंग (सफाई), फ्रंट डेस्क (रिसेप्शन), रूम सर्विस और खाने-पीने की सर्विस (F&B) शामिल है। नौकरी पाने के लिए वर्कर को थोड़ी बहुत मंदारिन भाषा (TOCFL A2 लेवल) आनी चाहिए और संबंधित काम का अनुभव होना जरूरी है।
भर्ती की प्रक्रिया को आसान और बिना दलालों के करने के लिए ताइवान ने मनीला, फिलीपींस में अपना पहला ओवरसीज रिक्रूटमेंट सेंटर खोलने का प्लान बनाया है। इससे वर्करों को सीधा और सही तरीके से नौकरी मिल सकेगी और उन्हें भारी-भरकम फीस नहीं देनी पड़ेगी। यह नई पॉलिसी 2026 की पहली तिमाही (Q1) से लागू होने जा रही है।




