डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अमेरिका में प्रवेश को लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, अमेरिका जल्द ही 41 देशों के नागरिकों के वीजा पर आंशिक या पूर्ण रोक लगा सकता है। इन देशों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है, जिनमें कुछ देशों पर पूरी तरह से वीजा प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है, जबकि कुछ पर आंशिक रूप से कड़े नियम लागू किए जाएंगे।
पहले समूह में पूर्ण वीजा निलंबन
रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 देशों को इस सूची में शामिल किया गया है, जिनके नागरिकों के लिए अमेरिकी वीजा पूरी तरह से बंद करने की योजना है। इन देशों में अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया, क्यूबा और उत्तर कोरिया जैसे नाम प्रमुख हैं। इन देशों के नागरिकों को अमेरिका में किसी भी तरह का वीजा प्राप्त करने की सुविधा नहीं दी जाएगी।
दूसरे समूह में आंशिक वीजा निलंबन
दूसरे समूह में 5 देशों को रखा गया है, जिनमें इरीट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और दक्षिण सूडान शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों के लिए अमेरिकी वीजा प्रक्रिया को सीमित किया जाएगा। यह प्रतिबंध मुख्य रूप से टूरिस्ट और स्टूडेंट वीजा पर लागू होगा, हालांकि कुछ अपवादों के तहत वीजा जारी किया जा सकता है।
तीसरे समूह में आंशिक वीजा रोक
तीसरे समूह में 26 देशों को शामिल किया गया है, जिनमें पाकिस्तान, भूटान और म्यांमार जैसे देश प्रमुख हैं। इन देशों के नागरिकों के वीजा पर आंशिक रूप से रोक लगाने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, इन देशों की सरकारों को 60 दिनों की समय सीमा दी जाएगी ताकि वे अपनी सुरक्षा प्रक्रियाओं को दुरुस्त कर सकें।
ट्रंप प्रशासन ने क्यों लिया यह फैसला?
यह प्रस्ताव अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 20 जनवरी को जारी किए गए कार्यकारी आदेश का हिस्सा है। इस आदेश में कहा गया था कि अमेरिका में प्रवेश करने वाले किसी भी विदेशी नागरिक की गहन सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके अलावा, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को यह निर्देश दिया गया था कि 21 मार्च तक उन देशों की सूची तैयार करें, जिनसे यात्रा को पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित किया जाना चाहिए।